Breaking News

पश्चिम बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी के खिलाफ हेयर स्ट्रीट पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज     |   महाराष्ट्र में मॉनसून की देरी से पानी की हुई किल्लत, बांधों का जलस्तर 26% गिरा     |   सीएम शुभेंदु ने ममता बनर्जी से जुड़ी विज्ञापन एजेंसी के खिलाफ जांच के आदेश दिए     |   फैजल खान के बॉडीगार्ड्स की फायरिंग मामले में कोर्ट ने जमानत याचिका खारिज की     |   SC ने मीनाक्षी नटराजन के नामांकन रद्द करने के खिलाफ दायर याचिका खारिज की     |  

Bihar: बेगूसराय में दर्दनाक सड़क हादसा, मधेपुरा के तीन SHO समेत चार लोगों की मौत

Bihar: पटना में एक प्रशिक्षण कार्यक्रम से लौटने के दौरान बिहार के बेगूसराय जिले में एक सड़क दुर्घटना में तीन थाना प्रभारियों और उनके वाहन चालक की मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि हादसा गुरुवार देर रात जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के अंतर्गत एनएच-31 पर बखड्डा ढाला के पास हुआ। तीनों थाना प्रभारी मधेपुरा जिले में पदस्थापित थे, जिनकी पहचान जिले के रतवाड़ा के थाना प्रभारी साजन कुमार पासवान, अरार के थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र अमरेंद्र और बेलारी के थाना प्रभारी नीरज कुमार के रूप में हुई है। चौथे मृतक की पहचान अभी आधिकारिक रूप से नहीं हो सकी है। वह वाहन चालक था।

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘बेगूसराय में हुए दुखद सड़क हादसे में तीन थाना प्रभारियों और उनके चालक के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक है। यह अपूरणीय क्षति पूरे पुलिस परिवार के लिए गहरा आघात है।’’

मुख्यमंत्री ने घटना पर शोक जताया और मृतकों के शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। यातायात उपाधीक्षक (डीएसपी) रंजीत कुमार ने बताया कि पुलिसकर्मी पटना में आयोजित एक प्रशिक्षण कार्यक्रम से लौट रहे थे तभी रास्ते में उनका वाहन एक ट्रक से टकरा गया।

उन्होंने बताया कि हादसे में तीन पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के कारणों और घटनाक्रम का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि क्षतिग्रस्त वाहन से शवों को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया गया।