Breaking News

योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदलने का काम किया: अमित शाह     |   यूपी, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 2-3 नवंबर को भारी बारिश का अनुमान: IMD     |   पीएम मोदी पीएम-किसान योजना के तहत 18,680 करोड़ रुपये करेंगे जारी     |   उत्तराखंड के कई जिलों में आज ऑरेंज अलर्ट जारी     |   दिल्ली-NCR के कुछ हिस्सों में बारिश     |  

दिल्ली में विवाहिता ने आत्महत्या की, परिजनों ने ससुराल वालों पर प्रताड़ित करने का लगाया आरोप

New Delhi: दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के सनलाइट कॉलोनी इलाके में 20 वर्षीय युवती के कथित तौर पर आत्महत्या करने के बाद उसके परिजनों ने युवती के ससुराल वालों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मृतका की पहचान साधना के रूप में हुई है। एक अधिकारी ने बताया कि साधना का शव पुलिस को शनिवार को सिद्धार्थ बस्ती स्थित उसके घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। इसके पहले पुलिस को दोपहर में एक पीसीआर कॉल मिली जिसमें आत्महत्या के संदिग्ध मामले की सूचना दी गई।

अधिकारी ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है जिसमें कथित तौर पर दिखाया गया है कि महिला रोते हुए अपने पति योगेश और ससुराल वालों पर मारपीट करने का आरोप लगा रही है। उन्होंने बताया कि डिफेंस कॉलोनी के उप-जिलाधिकारी (एसडीएम) ने मृतका की मां और भाई के बयान दर्ज कर लिए हैं और पोस्टमार्टम के बाद शव साधना के परिवार को सौंप दिया गया है।

अधिकारी ने बताया कि एसडीएम की रिपोर्ट और जांच के नतीजों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मृतका की मां सुनीता ने आरोप लगाया कि लगभग दो साल पहले हुई शादी के बाद से ही उसकी बेटी को उसके ससुराल वालों और पति द्वारा नियमित रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा। उन्होंने मीडियाकर्मियों से बात करते हुए आरोप लगाया, ‘‘मेरी बेटी कभी चैन से नहीं रह सकी। वे उसे पीटते रहते थे।’’