Breaking News

दिल्ली: नरेला में तेज रफ्तार कार ने एक महिला समेत कई वाहनों को मारी टक्कर, चालक हिरासत में     |   IIT दिल्ली के दीक्षांत समारोह में शामिल हुए PM मोदी, छात्रों को किया सम्मानित     |   खराब मौसम के चलते जम्मू से अमरनाथ यात्रा स्थगित, श्रद्धालुओं की संख्या में भी कमी     |   हिमाचल के चंबा में बड़ा हादसा, बस के खाई में गिरने से 7 की मौत और कई घायल     |   सलमान खान के घर के बाहर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी की अचानक तबीयत बिगड़ने से हुई मौत     |  

89 साल की उम्र में सर गारफील्ड सोबर्स का निधन, क्रिकेट जगत ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

वेस्टइंडीज के महान क्रिकेटर सर गारफील्ड (गैरी) सोबर्स का 89 वर्ष की उम्र में बारबाडोस में निधन हो गया। उनके निधन से क्रिकेट जगत में शोक की लहर है। दुनिया भर के मौजूदा और पूर्व क्रिकेटरों ने सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। आईसीसी ने लिखा, "क्रिकेट के महानतम खिलाड़ियों में से एक सर गारफील्ड सोबर्स अब हमारे बीच नहीं रहे। उनके परिवार, दोस्तों और वेस्टइंडीज क्रिकेट के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं।" पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने लिखा, "यह क्रिकेट जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। वह ऐसे महान खिलाड़ी थे जिनकी प्रतिभा कई पीढ़ियों के लिए प्रेरणा रही। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।"

पूर्व कोच रवि शास्त्री ने लिखा, "मेरे जीवन के सबसे महान क्रिकेटर। मेरे हीरो। उनके जैसा खिलाड़ी शायद ही कभी देखने को मिले।" पूर्व भारतीय बल्लेबाज दिलीप वेंगसरकर ने कहा, "मैंने उन्हें खेलते नहीं देखा, लेकिन उनकी बल्लेबाजी और रिकॉर्ड अद्भुत थे। वह क्रिकेट इतिहास के सबसे महान ऑलराउंडरों में से एक थे।"

पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने लिखा, "क्रिकेट ने अपना एक अनमोल हीरा खो दिया। सर गैरी सोबर्स सिर्फ एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि महानता की मिसाल थे। उन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकेगा।" 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने लिखा, "मैंने उन्हें खेलते नहीं देखा, लेकिन उनके बारे में अपने पिता से बहुत कुछ सुना है। वह हर पीढ़ी के महानायक थे। ओम शांति।"

पूर्व विकेटकीपर दिनेश कार्तिक ने कहा, "हम उनकी महानता की कहानियां सुनते हुए बड़े हुए हैं। वह एक जीनियस और क्रिकेट के सच्चे लीजेंड थे।" आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने कहा, "सर गैरी सोबर्स विश्व क्रिकेट की सबसे बड़ी हस्तियों में से एक थे। उनकी उपलब्धियां आने वाली कई पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेंगी। उनके परिवार और पूरी क्रिकेट दुनिया के प्रति मेरी संवेदनाएं।"

सर गारफील्ड सोबर्स को क्रिकेट इतिहास के सबसे महान ऑलराउंडरों में गिना जाता है। उनके शानदार योगदान को सम्मान देने के लिए आईसीसी ने 'सर गारफील्ड सोबर्स ट्रॉफी' के नाम से साल के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर का पुरस्कार भी स्थापित किया है।