Breaking News

लोकसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित     |   महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार कल दिल्ली में प्रधानमंत्री और गृहमंत्री से करेंगी मुलाकात     |   बंगाल SIR फाइनल ड्राफ्ट रोल 28 फरवरी को जारी किया जाएगा     |   एक्टर रणवीर सिंह को धमकी भरा मसेज, वाइस नोट भेज मांगे करोड़ों रुपये     |   चेन्नई पोर्ट के पास डीएमके कार्यकर्ताओं ने टीवीके कार्यकर्ताओं पर हमला किया     |  

T20 WC: पाकिस्तान पर भड़के गावस्कर और हरभजन, कहा- ICC को करनी चाहिए कार्रवाई

T20 WC: भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर का अनुमान है कि पाकिस्तान ‘यू टर्न’ लेगा लेकिन उन्होंने कहा कि भारत के खिलाफ 15 फरवरी को टी20 विश्व कप के मैच का बहिष्कार करने पर आईसीसी को उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए।

पाकिस्तान सरकार ने फैसला किया है कि उसकी टीम कोलंबो में भारत के खिलाफ यह मैच नहीं खेलेगी और इसका कोई आधिकारिक कारण भी नहीं दिया। ऐसा माना जा रहा है कि बांग्लादेश के साथ एकजुटता दिखाने के लिए ये कदम उठाया गया है।

बांग्लादेश को विश्व कप से बाहर कर दिया गया है जिसने सुरक्षा कारणों से भारत में खेलने से इनकार किया था। गावस्कर ने कहा ,‘‘मुझे लगता है कि अगले चार या पांच दिन में दुनिया भर से प्रतिक्रिया आने लगेगी तो संभव है कि पाकिस्तान अपना फैसला बदल ले।’’ टूर्नामेंट सात फरवरी से शुरू होगा और पाकिस्तान को सारे मैच श्रीलंका में खेलने हैं।

गावस्कर ने कहा ,‘‘इसमें क्या नया है। हम सभी को पता है कि पाकिस्तानी क्रिकेटर रिटायर होते हैं और चार दिन बाद फैसला बदलकर कहते हैं कि हमारे प्रशंसकों ने और खेलने के लिये कहा है।’’ उन्होंने कहा ,‘‘पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने मिसाल कायम की है। वे संन्यास का फैसला बदलते रहते हैं लिहाजा 15 फरवरी से पहले ऐसा कुछ हो सकता है।’’

गावस्कर और हरभजन सिंह दोनों ने कहा कि अगर आईसीसी पाकिस्तान के खिलाफ कार्रवाई करती है तो ये सही होगा। उन्होंने कहा, ‘‘पाकिस्तान के पास भारत के खिलाफ बड़े मैच से पीछे हटने का कोई कारण नहीं है। अनुबंध का उल्लंघन करने का कारण नहीं बता पाने पर उसके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।’’

हरभजन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ‘‘पहले उन्हें कोई दिक्कत नहीं थी लेकिन बांग्लादेश के मसले के बाद वे इसमें कूद पड़े। इस फैसले का असर आईसीसी पर पड़ सकता है लिहाजा आईसीसी को कानूनी कार्रवाई करने का पूरा अधिकार है। इससे पूरे टूर्नामेंट पर असर पड़ सकता है।’’