Breaking News

यूपी BJP अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी     |   ट्रंप, क्लिंटन और बिल गेट्स के साथ Jeffrey Epstein, 19 नई तस्वीरें जारी     |   दिल्ली: कालकाजी में एक ही परिवार के तीन लोग फांसी पर लटके मिले     |   उत्तर प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र 19 दिसंबर से शुरू होगा     |   महाराष्ट्र के बीड में मंजरसुम्बा घाट पर डीजल टैंकर में जबरदस्त धमाका हुआ     |  

BGT: ब्रिसबेन टेस्ट में बुमराह का नया रिकॉर्ड, ऑस्ट्रेलियाई धरती पर कपिल देव को इस मामले में पछाड़ा

भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने ऑस्ट्रेलिया में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा है। वे अब ऑस्ट्रेलियाई धरती पर सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले एशियाई गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने भारतीय टीम के पूर्व कप्तान और तेज गेंदबाज कपिल देव को पीछे छोड़ा है।

टेस्ट में दुनिया के नंबर एक गेंदबाज बुमराह ने बुधवार को ब्रिस्बेन के गाबा ग्राउंड पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चल रहे तीसरे टेस्ट मैच के पांचवें दिन मार्नस लाबुशेन को आउट कर ये कारनामा किया। 

बुमराह के नाम ऑस्ट्रेलियाई जमीन पर अब 52 विकेट दर्ज हैं। उन्होंने इस मुकाम तक पहुंचने में सिर्फ 10 टेस्ट लगाए। इससे पहले कपिल देव ने 11 टेस्ट में 51 विकेट लिए थे। वहीं पाकिस्तानी तेज गेंदबाज सरफराज नवाज के नाम 50 विकेट दर्ज हैं।

वहीं, ऑस्ट्रेलिया में सबसे कामयाब भारतीय गेंदबाजों में 49 विकेट के साथ अनिल कुंबले तीसरे, 40 विकेट के साथ रविचंद्रन अश्विन चौथे और 35 विकेट हासिल कर बिशन सिंह बेदी पांचवें नंबर पर हैं।

मौजूदा ऑस्ट्रेलिया दौरे पर बुमराह अब तक तीन टेस्ट में कुल 21 विकेट झटक चुके हैं। ये ऑस्ट्रेलिया के दौरे में किसी भारतीय की तरफ से छठा सबसे बेहतरीन आंकड़ा है। इसमें दो बार पांच विकेट लेने का कारनामा शामिल है। 

21 शिकार कर बुमराह ने 2018-19 सीरीज में हासिल किए अपने विकेटों की बराबरी भी कर ली है। साथ ही वे ऑस्ट्रेलिया के दो अलग-अलग दौरों में 20 से ज्यादा विकेट लेने वाले दूसरे भारतीय गेंदबाज बन गए। अनिल कुंबले ने ये कारनामा सबसे पहले किया था। उन्होंने 2003-04 में 24 विकेट और 2007-08 सीरीज में 20 विकेट हासिल किए थे।