Breaking News

ओडिशा में 8 जगह पर तापमान 40 डिग्री के पार     |   AAP का व्हिप जारी, राज्यसभा सांसदों को 3 दिन तक सदन में मौजूद रहने का निर्देश     |   अलकायदा मॉड्यूल के तीन आतंकी को उम्रकैद की सजा, NIA कोर्ट का बड़ा फैसला     |   ईरान ने होर्मुज से गुजरने वाले भारतीय टैंकरों से टोल लेने की बात से इनकार किया     |   IPL 2026: राजस्थान ने जीता टॉस, हैदराबाद को दिया पहले बैटिंग का न्योता     |  

अमेरिका-ईरान के बीच बातचीत विफल होने से शेयर बाजार में गिरावट, सेंसेक्स 703 अंक टूटा

Share Market: स्थानीय शेयर बाजारों में सोमवार को गिरावट आई और बीएसई सेंसेक्स 703 अंक लुढ़क गया जबकि एनएसई निफ्टी 208 अंक के नुकसान में रहा। अमेरिका और ईरान के बीच समझौते के लिए बातचीत विफल होने के साथ संघर्ष लंबे समय तक जारी रहने की चिंता में कच्चे तेल के दाम में तेजी के बीच बाजार में गिरावट आई।

तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 702.68 अंक यानी 0.91 प्रतिशत टूटकर 76,847.57 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 1,681.93 अंक लुढ़क कर 75,868.32 अंक पर आ गया था। एनएसई निफ्टी भी 207.95 अंक यानी 0.86 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,842.65 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स की कंपनियों में मारुति, इंटरग्लोब एविएशन, बजाज फाइनेंस, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और एचडीएफसी बैंक प्रमुख रूप से नुकसान में रहीं।

दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाली शेयरों में आईसीआईसीआई बैंक, एनटीपीसी और एक्सिस बैंक शामिल हैं। अमेरिका और ईरान के बीच पाकिस्तान में हुई ऐतिहासिक 21 घंटे की वार्ता का कोई नतीजा नहीं निकला। इससे दो सप्ताह के युद्धविराम का भविष्य अनिश्चित हो गया है।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 7.73 प्रतिशत बढ़कर 102.6 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। एशिया के अन्य बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225 और हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट के साथ बंद हुए, जबकि चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट मामूली बढ़त में रहा।

यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में गिरावट का रुख था। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को मिले-जुले रुख के साथ बंद हुए थे। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 672.09 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

सेंसेक्स शुक्रवार को 918.60 अंक बढ़कर 77,550.25 अंक पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 275.50 अंक चढ़कर 24,050.60 अंक पर रहा था।