Breaking News

तमिलनाडु में जल्द होगा कैबिनेट विस्तार, सत्ता साझेदारी के लिए तैयार है TVK     |   देहरादून: पनासिया अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में लगी आग, कई झुलसे     |   पुतिन और जिनपिंग ने मिडिल ईस्ट की स्थिति पर की चर्चा, बोले- लड़ाई रोकना जरूरी     |   जापान के कागोशिमा में 5.9 तीव्रता का भूकंप     |   ऑनलाइन दवा बिक्री और कॉर्पोरेट फार्मेसी के विरोध में आज मेडिकल स्टोर्स का बड़ा प्रदर्शन     |  

व्यापार युद्ध की आशंका से शेयर बाजार सहमा, सेंसेक्स 931 अंक लुढ़का

व्यापार युद्ध गहराने की आशंका हावी होने से वैश्विक बाजारों में आई नरमी के बीच शुक्रवार को इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स 900 अंक से ज्यादा गिरकर 76,000 से नीचे आ गया। एनएसई निफ्टी 345 अंक यानी करीब 1.5 प्रतिशत गिरकर 22,904.45 पर बंद हुआ।

विदेशी फंडों की निकासी ने निवेशकों की धारणा पर असर डाला जिससे मेटल, आईटी, तेल और गैस शेयरों में भारी बिकवाली हुई। सेंसेक्स पैक में टाटा स्टील, टाटा मोटर्स, लार्सन एंड टूब्रो, अडाणी पोर्ट्स और इंडसइंड बैंक सबसे ज्यादा गिरे जबकि बजाज फाइनेंस, एचडीएफसी बैंक, नेस्ले इंडिया, आईसीआईसीआई बैंक और एशियन पेंट्स सबसे ज्यादा बढ़ने वाले शेयरों में शामिल रहे।

क्षेत्रीय मोर्चे पर निजी क्षेत्र के बैंकिंग शेयरों को छोड़कर अन्य सभी इंडेक्स सुस्त रहे। मेटल, पूंजीगत सामान, स्वास्थ्य सेवा, आईटी, ऑटो, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक, तेल और गैस शेयरों में तीन फीसदी से ज्यादा की गिरावट देखी गई।

एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई और सियोल का कोस्पी गिरकर बंद हुआ जबकि शंघाई और हांगकांग के शेयर बाजार छुट्टी के कारण बंद रहे। शुक्रवार को यूरोपीय बाजार गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। गुरुवार को वॉल स्ट्रीट में भारी गिरावट दर्ज की गई। विदेशी संस्थागत निवेशकों ने गुरुवार को 2,806 करोड़ रुपये से ज्यादा की इक्विटी बेची।