Breaking News

ED पर अटैक केस में शेख शाहजहां और आलमगीर की बेल याचिका खारिज     |   असम चुनाव: कांग्रेस ने जारी की उम्मीदवारों की तीसरी लिस्ट     |   '2 मार्च से अबतक इजरायली हमलों में 1001 की मौत', लेबनानी स्वास्थ्य मंत्रालय का दावा     |   NIA ने गुरुग्राम क्लब्स बमबारी केस में 9वें आरोपी के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की     |   ‘ममता बनर्जी आज लोकतंत्र बचाने के लिए लड़ रहीं, हम उनके साथ’, बोले अरविंद केजरीवाल     |  

जयपुर में 5800 करोड़ का मेगा प्रोजेक्ट, राजस्थान मंडपम कन्वेंशन सेंटर को कैबिनेट की मंजूरी

नई दिल्ली: NBCC (India) Limited ने गुरुवार को बताया कि राजस्थान सरकार ने जयपुर में राजस्थान मंडपम कन्वेंशन सेंटर और उससे जुड़े शहरी इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट को संशोधित कर लगभग 5800 करोड़ रुपये की लागत से मंजूरी दे दी है।

यह प्रोजेक्ट पहले करीब 3700 करोड़ रुपये का था, जिसे अब कैबिनेट की नई स्वीकृति के बाद बड़े स्तर पर विस्तार दिया गया है। इस प्रोजेक्ट को राजस्थान राज्य औद्योगिक विकास एवं निवेश निगम ने NBCC को सौंपा है, जो इसकी कार्यान्वयन एजेंसी होगी। जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास करीब 90 एकड़ में फैले इस प्रोजेक्ट में 94 लाख वर्ग फीट से अधिक का निर्माण होगा। इसमें विश्वस्तरीय कन्वेंशन सेंटर, बड़े एग्जीबिशन हॉल, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC), IT/ITES ऑफिस स्पेस, होटल, रिटेल जोन, रिहायशी क्षेत्र और नेचुरल हिस्ट्री म्यूजियम शामिल होंगे।

NBCC के अनुसार, इस परियोजना को सेल्फ-फाइनेंसिंग मॉडल के तहत विकसित किया जाएगा, जिससे वित्तीय स्थिरता के साथ पारदर्शिता और दक्षता सुनिश्चित की जाएगी। राजस्थान मंडपम कन्वेंशन सेंटर को अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन, प्रदर्शनी और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए एक प्रमुख स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। इसमें करीब 6500 सीटों वाला मुख्य ऑडिटोरियम, बैंक्वेट हॉल, मीटिंग रूम और आधुनिक कॉन्सर्ट एरीना भी शामिल होंगे। कंपनी ने बताया कि इस प्रोजेक्ट के लिए टेंडर अप्रैल 2026 में जारी किए जा सकते हैं, जिससे योजना अब क्रियान्वयन चरण में प्रवेश करेगी।

इसके साथ ही परियोजना में सस्टेनेबिलिटी और शहरी विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिसमें रिवरफ्रंट डेवलपमेंट और पैदल यात्रियों के अनुकूल सार्वजनिक स्थान भी विकसित किए जाएंगे।