एनआईए ने तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक शौकत मोल्ला के ठिकानों पर छापेमारी की है। यह कार्रवाई भांगड़ बम धमाके से जुड़ी जांच के सिलसिले में की गई है। एनआईए की टीम गुरुवार सुबह से तृणमूल कांग्रेस के कद्दावर नेता और पूर्व विधायक शौकत मोल्ला के ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। दक्षिण 24 परगना के कैनिंग स्थित जीवनतल्ला इलाके में भारी सुरक्षा बलों के साथ पहुंची एनआईए की टीम ने शौकत के आवास, रेस्तरां और उससे सटे पार्टी कार्यालय को घेरकर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
छापेमारी के वक्त पूर्व विधायक घर पर मौजूद नहीं थे। हालांकि, केंद्रीय जांच एजेंसी के अधिकारी उनके बेटे इमरान मोल्ला से पूछताछ कर रहे हैं। इस दौरान शौकत की पत्नी और बेटी भी घर पर ही मौजूद हैं। एनआईए की यह कार्रवाई विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भांगड़ के दक्षिण बामुनिया इलाके में हुए भीषण बम विस्फोट के सिलसिले में हुई है।
इस धमाके में एक व्यक्ति की जान चली गई थी और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे। आईएसएफ विधायक नौशाद सिद्दीकी की मांग पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस मामले की जांच एनआईए को सौंपी थी। इससे पहले एजेंसी इस कांड में तृणमूल नेता वाहिदुल इस्लाम समेत कई आरोपितों को दबोच चुकी है।