प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन और उनके सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे होने के मौके पर भारतीय जनता पार्टी देशभर में बड़े स्तर पर विशेष अभियान चलाने की तैयारी कर रही है। बीजेपी सितंबर के दूसरे सप्ताह से अक्टूबर के पहले सप्ताह तक ‘सेवा संकल्प महोत्सव’ के तहत अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित करेगी। इस अभियान के जरिए प्रधानमंत्री मोदी के विकास कार्यों, सुशासन और जनसेवा से जुड़े कार्यों को जनता तक पहुंचाया जाएगा।
अभियान की तैयारियों को लेकर दिल्ली में बीजेपी की अहम बैठक होने वाली है। बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में अभियान की रूपरेखा और कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जाएगा। पार्टी संगठन की ओर से जिला, मंडल और बूथ स्तर तक कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन 17 सितंबर को है। इस मौके पर बीजेपी ‘सेवा सप्ताह’ के रूप में विभिन्न जनसेवा कार्यक्रम आयोजित करेगी। इसके तहत देशभर में रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच शिविर, स्वच्छता अभियान और पौधारोपण जैसे कार्यक्रम किए जाएंगे। इसके अलावा केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ता लोगों के बीच जाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी साझा करेंगे।
7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 साल पूरे हो रहे हैं। इस अवसर को बीजेपी विशेष तरीके से मनाने की तैयारी कर रही है। करीब 25 दिनों तक जिला, मंडल और बूथ स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाने की योजना है। अभियान के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और उनके कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों पर डिजिटल और फोटो प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी। इसके अलावा सुशासन, विकास और अंत्योदय जैसे विषयों पर प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन और युवाओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बीजेपी का यह अभियान प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन से लेकर उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने तक चलने वाले कार्यक्रमों का हिस्सा होगा। पार्टी का उद्देश्य जनसेवा से जुड़े कार्यक्रमों के जरिए अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच बनाना और केंद्र सरकार की योजनाओं तथा विकास कार्यों की जानकारी जनता तक पहुंचाना है।