Breaking News

कोलकाता हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 4 हुई     |   कोलकाता हादसा: CM शुभेंदु अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे     |   कर्नाटक में 1 जुलाई से लागू होगी वीबीजी राम जी योजना     |   कोलकाता: गोदाम की छत गिरने से 8 लोग घायल, SSKM अस्पताल में भर्ती     |   पेजेश्कियान का PM मोदी को न्योता, खामेनेई के अंतिम विदाई कार्यक्रम में आने का निमंत्रण     |  

पंजाब अनुसूचित जाति आयोग के समक्ष पेश हुए रवनीत बिट्टू, अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगी

Punjab: केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू बुधवार को पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग के समक्ष पेश हुए और मई में पुलिस अधिकारियों के साथ हुई तीखी बहस के दौरान की गई अपनी टिप्पणियों के लिए लिखित माफीनामा सौंपा।

बिट्टू ने पूर्व में, जाति-आधारित अपनी टिप्पणियों के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी थी। आयोग ने मंत्री से कहा था कि वह मामले में अपना पक्ष रखने के लिए उसके समक्ष पेश हों। बिट्टू इससे पहले दो बार आयोग के समक्ष पेश नहीं हो सके थे।

बुधवार को आयोग के समक्ष पेश होने के दौरान, बिट्टू ने 26 मई को धुरी में हुई घटना के बारे में विस्तार से जानकारी दी और कहा कि एक मंत्री होने के नाते उन्हें ऐसा नहीं कहना चाहिए था। उन्होंने आयोग के अध्यक्ष जसवीर सिंह गढ़ी को बताया कि वह अपनी टिप्पणी के लिए पहले ही माफी मांग चुके हैं।

कार्यवाही के दौरान, गढ़ी ने बिट्टू से कहा कि उन्हें मंत्री की टिप्पणी के संबंध में लोगों के कई फोन आए थे। आयोग ने सोशल मीडिया के जरिये इस बात का संज्ञान लिया था कि बिट्टू ने मई में धुरी के दौरे पर कथित रूप से जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया था।

धुरी में 26 मई को बिट्टू की कुछ पुलिस अधिकारियों के साथ तीखी बहस हुई थी। वह भाजपा नेता ओंकार सिंह की रिहाई की मांग कर रहे थे, जिन्हें पुलिस ने नगर निकाय चुनावों के दौरान हिरासत में लिया था। प्रचार अभियान समाप्त होने के बाद, प्रचार करने को लेकर सिंह को हिरासत में लिया गया था।

मंत्री पर पुलिसकर्मियों के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया गया था। मई में हुई उक्त घटना का एक वीडियो, जिसमें बिट्टू और कुछ पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी बहस होती दिख रही थी, सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था। स्थानीय निकाय चुनावों के लिए मतदान 26 मई को हुआ था।