हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में सुहावने मौसम और रुक-रुक कर हो रही बारिश ने पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित किया है। प्री-मानसून बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई है और पहाड़ों की खूबसूरती और भी निखर गई है। खासकर दिल्ली और अन्य मैदानी इलाकों की भीषण गर्मी व प्रदूषण से परेशान लोग बड़ी संख्या में शिमला पहुंच रहे हैं। बुधवार को शिमला में हुई बारिश के बाद मौसम बेहद खुशनुमा हो गया। पर्यटकों का कहना है कि यहां की ठंडी हवा, हरियाली और स्वच्छ वातावरण उन्हें गर्मी से राहत दे रहा है।
दिल्ली से आई पर्यटक अलीना ने कहा कि दिल्ली में गर्मी, धूल और प्रदूषण से हालात खराब हैं, जबकि शिमला का मौसम बेहद सुकून देने वाला है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में तापमान 50 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच रहा है, जबकि शिमला में ठंडी हवाएं और साफ वातावरण यात्रा को यादगार बना रहे हैं। दक्षिण-पश्चिम मानसून के हिमाचल प्रदेश पहुंचने में अभी कुछ समय है, लेकिन प्री-मानसून बारिश ने राज्य के मौसम को सुहावना बना दिया है। पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों को उम्मीद है कि आने वाले हफ्तों में मौसम अनुकूल रहने से पर्यटकों की संख्या में और बढ़ोतरी होगी।