IPL 2026: आईपीएल में आज पंजाब किंग्स का मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ दोपहर साढ़े तीन बजे से होना है। जिस तरह से पीबीकेएस ने इस सीजन की शुरुआत की है, उसे देखते हुए बारिश के कारण पिछले मैच में केकेआर के साथ एक अंक साझा करने से वे थोड़े निराश जरूर होंगे।
श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पीबीकेएस ने अब तक शानदार खेल दिखाया है। सीएसके और जीटी के खिलाफ पीबीकेएस ने बेहतरीन खेल दिखाकर जीत हासिल की है। सलामी बल्लेबाज और विकेटकीपर प्रभसिमरन सिंह, ने पिछले सीजन में 500 से ज्यादा रन बनाकर शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने कहा कि पीबीकेएस ऑरेंज या पर्पल कैप जीतने की होड़ से ज्यादा सामूहिक सफलता पर ध्यान केंद्रित कर रही है। कूपर कॉनॉली की गुजरात टाइटन्स के खिलाफ नाबाद 72 रनों की पारी इसी भावना को जाहिर करती है।
हालांकि सनराइजर्स हैदराबाद के बारे में ऐसा नहीं कहा जा सकता। विस्फोटक बल्लेबाजी और बड़े स्कोर बनाने की अपनी प्रतिष्ठा के बावजूद, इस सीजन में मुख्य रूप से शीर्ष क्रम के खराब प्रदर्शन के कारण एसआरएच लड़खड़ा गई है। आरसीबी और एलएसजी के खिलाफ कुछ ऐसा ही देखने को मिला।
एसआरएच की मुश्किलें और बढ़ गई हैं क्योंकि उनके गेंदबाजों का प्रदर्शन अब तक कुछ खास नहीं रहा है हालांकि एलएसजी के खिलाफ एसआरएच के नीतीश कुमार रेड्डी और हेनरिक क्लासेन ने अच्छी बल्लेबाजी की थी। एसआरएच के लिए इस आईपीएल में क्लासेन टॉप स्कोरर हैं। उन्होंने तीन मैचों में दो अर्धशतकों के साथ कुल 145 रन बनाए हैं। क्लासेन ऑरेंज कैप की रेस में छठे नंबर पर हैं।