Breaking News

सुशीला कार्की के शपथ ग्रहण का समय करीब 20 मिनट आगे बढ़ाया गया     |   यूपी: बरेली में फिल्म अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर के बाहर फायरिंग     |   अमेरिका: ट्रंप के करीबी चार्ली किर्क का हत्यारा टायलर रॉबिन्सन गिरफ्तार     |   नेपाल की अंतरिम सरकार में Gen-Z ग्रुप से नहीं बनाया जाएगा कोई मंत्री     |   बिहार: BPSC PT परीक्षा कल, 37 जिलों के 912 केंद्रों पर दोपहर 12 से 2 बजे तक होगी     |  

देश की उम्मीदों का भार नीरज चोपड़ा पर, विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक का बचाव करने पर होगी नजर

भारत के स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा शनिवार से शुरू हो रही विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत के लिए पदक की इकलौती उम्मीद होंगे। वे देश की उम्मीदों पर खरा उतरने के साथ लगातार दो स्वर्ण पदक जीत कर विश्व चैंपियनशिप के इतिहास में ऐसा कारनामा करने वाले केवल तीसरे पुरुष भाला फेंक खिलाड़ी बनने की कोशिश करेंगे। चोपड़ा ने 2023 में बुडापेस्ट में आयोजित सत्र में 88.17 मीटर की दूरी के साथ स्वर्ण पदक जीता था, जबकि पाकिस्तान के ओलंपिक चैंपियन अरशद नदीम (87.82 मीटर) ने रजत और चेक गणराज्य के याकूब वाडलेज (86.67 मीटर) ने कांस्य पदक जीता था।

चोपड़ा अगर 18 सितंबर को फाइनल में फिर से स्वर्ण जीतते हैं, तो वे लगातार दो विश्व चैंपियनशिप में भाला फेंक में स्वर्ण पदक जीतने वाले मात्र तीसरे खिलाड़ी बनेंगे। ये उपलब्धि अब तक चेक गणराज्य के महान खिलाड़ी यान जेलेजनी (1993 और 1995) और ग्रेनेडा के एंडरसन पीटर्स (2019 और 2022) ने हासिल की है। जेलेजनी मौजूदा समय में चोपड़ा के कोच है। चोपड़ा 19 सदस्यीय भारतीय टीम का नेतृत्व कर रहे हैं और एकमात्र पदक उम्मीदवार हैं। वे एक साल से भी ज्यादा समय बाद अरशद नदीम का सामना करेंगे। दोनों खिलाड़ियों की पिछली टक्कर 2024 पेरिस ओलंपिक में हुई थी, जहां चोपड़ा ने दूसरा स्थान हासिल किया था।

चोपड़ा के पास ऐसे में पेरिस ओलंपिक का हिसाब चुकता करने का भी मौका होगा। इस 27 साल के भारतीय खिलाड़ी के लिए स्वर्ण जीतना आसान नहीं होगा। उनके सामने अरशद नदीम के अलावा हाल में डायमंड लीग चैंपियन बने जूलियन वेबर (जर्मनी) की भी कड़ी चुनौती होगी। इसके अलावा एंडरसन पीटर्स, कीनिया के 2015 विश्व चैंपियन जूलियस येगो, 2012 ओलंपिक चैंपियन केशोर्न वॉलकॉट (त्रिनिदाद और टोबैगो), अनुभवी वाडलेज, और ब्राजील के लुइज डा सिल्वा भी चुनौती पेश करेगें। डा सिल्वा ने पिछले महीने 91 मीटर की थ्रो के साथ 90 मीटर का आंकड़ा पार किया। ये मुकाबला टोक्यो के उसी मैदान में होगा, जहां उन्होंने 2021 में ओलंपिक स्वर्ण जीतकर इतिहास रचा था।

पुरुष भाला फेंक का क्वालीफाइंग राउंड 17 सितंबर को आयोजित होगा। इन खिलाड़ियों में वेबर की लय सबसे अच्छी है और वे खिताब के सबसे बड़े दावेदार होंगे। इस 31 साल के खिलाड़ी ने इस सत्र में तीन बार 90 मीटर से ज्यादा की दूरी हासिल की है। वे 91.51 मीटर के साथ मौजूदा सत्र में शीर्ष पर है। उन्होंने पिछले महीने डायमंड लीग ट्रॉफी जीतकर आत्मविश्वास भी हासिल किया है। चोपड़ा ने इस साल की शुरुआत में दोहा डायमंड लीग में भी पहली बार 90 मीटर का आंकड़ा पार किया था, लेकिन पूरे साल में उनका प्रदर्शन औसत ही रहा है। दो प्रतियोगिताओं में वे 85 मीटर का आंकड़ा पार नहीं कर सके जबकि दो में इससे केवल थोड़ा ही ऊपर गए।

एक प्रतियोगिता में उन्होंने 86 मीटर से ज्यादा का थ्रो किया था। इस साल उनका दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 88.16 मीटर रहा। इस सत्र में वेबर के खिलाफ आमने-सामने मुकाबले में चोपड़ा 1-3 से पीछे हैं। दोनो के बीच पिछला मुकाबला अगस्त में डायमंड लीग फाइनल में हुआ था, जहां चोपड़ा केवल 85.01 मीटर फेंक सके और दूसरे स्थान पर रहे। चोपड़ा के साथ सचिन यादव, यशवीर सिंह और रोहित यादव भी इस प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में भारत के चार खिलाड़ी हैं जो किसी भी दूसरे देश से सबसे ज्यादा हैं।

गत चैंपियन होने के नाते चोपड़ा को वाइल्ड कार्ड मिला है, जबकि बाकी तीन एथलीटों ने विश्व रैंकिंग के आधार पर क्वालीफाई किया है। इससे पहले 2023 में बुडापेस्ट में हुई प्रतियोगिता में तीन भारतीय एथलीट फाइनल में पहुंचे थे। चोपड़ा ने स्वर्ण जीता था, जबकि किशोर जेना और डीपी मनु क्रमशः पांचवें और छठे नंबर पर रहे थे। पुरुषों के भाला फेंक एथलीटों के अलावा, अन्नु रानी (महिला भाला फेंक), पारुल चौधरी (महिला 3000 मीटर स्टीपलचेज), मुरली श्रीशंकर (पुरुष लंबी कूद), गुलबीर सिंह (पुरुष 5000 मीटर) और प्रवीण चित्रावेल (पुरुष त्रिकूद) भी फाइनल चरण तक पहुंचने की कोशिश करेंगे।

इसमें सबसे ज्यादा अनुभवी 33 साल की अन्नु रानी पांचवीं बार विश्व चैंपियनशिप में हिस्सा ले रही है। उन्होंने इससे पहले 2017, 2019, 2022 और 2023 में भी इसमें हिस्सा लिया था। वे 2019 और 2022 में फाइनल चरण तक पहुंची थीं, जबकि बाकी दो बार क्वालिफिकेशन राउंड में ही बाहर हो गई थीं। 2024 में औसत प्रदर्शन के बाद वह इस साल अच्छी लय में हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ 62.59 मीटर रहा है। वे 2022 में हासिल किए गए अपने सर्वश्रेष्ठ सातवें स्थान को बेहतर बनाने की कोशिश करेंगी।

चोट से लंबे समय के बाद वापसी कर रहे श्रीशंकर ने अंतिम समय में विश्व चैंपियनशिप में जगह बनाई है। उन्होंने वापसी के बाद जिन पांच मुकाबलों में हिस्सा लिया है, उन सभी में जीत हासिल की है। उन्हें हालांकि पदक जीतने के लिए अपने 8.05 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन को बेहतर करना होगा। राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक फर्राटा धावक अनिमेश कुजूर किसी विश्व चैंपियनशिप में पुरुषों की 200 मीटर दौड़ में हिस्सा लेने वाले पहले भारतीय होंगे, लेकिन वे कितना आगे बढ़ते हैं, ये देखना बाकी है।

राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक तेजस शिरसे के साथ भी पुरुषों की 110 मीटर बाधा दौड़ में यही स्थिति होगी। भारतीय दल का अभियान शनिवार को पुरुषों और महिलाओं की 35 किमी पैदल चाल स्पर्धाओं के साथ शुरू होगा। राम बाबू और संदीप कुमार पुरुषों की 35 किमी पैदल चाल में हिस्सा लेंगे, जबकि प्रियंका गोस्वामी महिलाओं की इस स्पर्धा में हिस्सा लेंगी। शाम के सत्र में पूजा 1500 मीटर रेस की अपनी हीट में दौड़ेगी।