Breaking News

हिज्बुल्लाह ने दक्षिणी लेबनान में इजरायली सैनिकों पर हुए ड्रोन हमले की जिम्मेदारी ली     |   वाराणसी: जल निगम की पाइपलाइन में लगी भीषण आग     |   गुजरात में भूकंप के झटके, 3.4 मापी गई तीव्रता     |   उत्तराखंड: धामी सरकार ने 28 अप्रैल को बुलाया विशेष सत्र, नारी वंदन अधिनियम पर होगी चर्चा     |   विधानसभा चुनाव: पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में अब तक 1000 करोड़ की शराब और कैश जब्त     |  

देहरादून में बिल्डर ने आठवीं मंजिल से कूद कर आत्महत्या की, उकसाने के आरोप में दो लोग गिरफ्तार

उत्तराखंड के देहरादून के नामी बिल्डर सतिंदर सिंह साहनी उर्फ बाबा साहनी ने शुक्रवार को एक बिल्डिंग की आठवीं मंजिल से कूद कर कथित तौर से आत्महत्या कर ली। पुलिस ने ये जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि मृतक बाबा साहनी के बेटे रणवीर सिंह की दी तहरीर और आत्महत्या से पहले  लिखे एक नोट के आधार पर पुलिस ने मामले में आरोपित अनिल गुप्ता और अजय गुप्ता के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। 

पुलिस के मुताबिक शुक्रवार को दिन में साढ़े 11 बजे राजपुर में पैसिफिक गोल्फ स्टेट बिल्डिंग के पास एक व्यक्ति के घायल हालत में बेहोश पड़े होने की जानकारी मिलने के बाद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। व्यक्ति की पहचान रेस कोर्स इलाके में रहने वाले बिल्डर साहनी के रूप में हुई और पता चला कि उन्होंने बिल्डिंग की आठवीं मंजिल से कूद कर आत्महत्या की कोशिश की है।

घायल साहनी को उनके बेटा तुरंत शहर के प्राइवेट मैक्स अस्पताल ले गया जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गयी। पुलिस को दी तहरीर में रणवीर सिंह ने गुप्ता भाइयों पर अपने पिता को डराने, धमकाने और ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि बाबा साहनी ने पहले भी पुलिस को एप्लीकेशन देकर गुप्ता भाइयों पर उनके एक प्रोजेक्ट को लेकर गैरजरूरी तौर पर दवाब बनाने की शिकायत की थी। पुलिस के मुताबिक आरोपों की जांच की जा रही है।

रणवीर सिंह ने अपनी तहरीर में ये भी कहा कि गुप्ता भाइयों की तरफ से उनके पिता के खिलाफ उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक झूठी शिकायत दर्ज कराई गयी थी और वे उनके पिता पर, उनकी दोनों कंपनियां उनके नाम करने के का दबाव बना रहे थे और ऐसा न करने पर उन्हें और उनके दामाद को झूठे मामले में फंसाने की धमकी दे रहे थे। 

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बिल्डर के आत्महत्या से पहले लिखे नोट और उनके बेटे की तहरीर के आधार पर थाना राजपुर में गुप्ता भाइयों के खिलाफ आईपीसी की धारा 306 के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।