Breaking News

UP: दिवाली-छठ तक लगातार बिजली सप्लाई के निर्देश     |   तूफान से बढ़े जलस्तर को लेकर निचले इलाकों में अलर्ट-सीएम चंद्रबाबू का निर्देश     |   ग्रेटर नोएडा : गौर चौक अंडरपास आज से ट्रायल रन के लिए खुला     |   लखनऊ यूनिवर्सिटी में दीपावली अवकाश घोषित, 6-7 और 10 नवंबर को ऑनलाइन क्लास     |   गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती, GRAP-II के तहत वाहनों की एंट्री पर पाबंदी     |  

भाजपा ने ‘राष्ट्रविरोधी’ बयान को लेकर झारखंड के मंत्री के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की

रांची, पांच नवंबर (भाषा) झारखंड में विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को केंद्र सरकार से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करने की मांग की।

भाजपा ने उनके इस बयान को राष्ट्रविरोधी बताया कि भारत में ''बांग्लादेश और नेपाल से भी बदतर स्थिति'' हो जाएगी।

भाजपा ने आरोप लगाया कि पिछले तीन चुनाव में ''नाकाम रहने'' के बाद कांग्रेस देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रही है।

पार्टी ने अंसारी के कथित बयान का हवाला दिया कि ''चालीस लाख युवा राहुल गांधी के आदेश का इंतजार कर रहे हैं'' ताकि वे आगे की कार्रवाई कर सकें।

अंसारी ने ‘पीटीआई वीडियो’ से बातचीत के दौरान दावा किया था कि भाजपा के शासन में युवा, किसान, मध्यम वर्ग, दलित, आदिवासी और मुस्लिम परेशान हैं तथा उनके बीच गुस्सा बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा, ''मैं दिल्ली गया था और वहां छात्रों से बात की। चालीस लाख युवा सड़कों पर हैं। वे सिर्फ एक आदेश का इंतजार कर रहे हैं। वे राहुल गांधी की बात से आगे नहीं जाएंगे। राहुल गांधी ने इन युवाओं को रोके रखा है।''

उन्होंने कहा कि अगर प्रधानमंत्री सतर्क नहीं हुए तो देश में आपातकाल जैसी स्थिति पैदा हो जाएगी। उन्होंने कहा, ''स्थिति बांग्लादेश और नेपाल से भी बदतर होगी।''

भाजपा के प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा, ''इरफान अंसारी अराजकता की भाषा बोल रहे हैं। वह कह रहे हैं कि 40 लाख छात्र सड़कों पर उतरेंगे और वे राहुल गांधी के इशारे का इंतजार कर रहे हैं। कांग्रेस ने अपना इरादा साफ कर दिया है। पिछले तीन चुनावों में लगातार नाकाम रहने के बाद कांग्रेस देश में अराजकता फैलाना चाहती है।''

उन्होंने कहा, ''हम केंद्र सरकार से मांग करते हैं कि राष्ट्रविरोधी बयानों के लिए उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की जाए।''

भाषा जोहेब सुरेश

सुरेश