(योषिता सिंह)
न्यूयॉर्क, पांच नवंबर (भाषा) भारत में जन्मीं सबा हैदर डेमोक्रेटिक पार्टी के टिकट पर अमेरिका के इलिनोइस राज्य की प्रतिनिधि सभा के लिए निर्वाचित हुई हैं।
हैदर राज्य विधायिका के निचले सदन के लिए निर्वाचित होने वाली पहली दक्षिण एशियाई महिला बन गई हैं।
उन्होंने तीन नवंबर को हुए अमेरिकी मध्यावधि चुनावों में 84वें जिले से 70.9 प्रतिशत मत हासिल करके जीत दर्ज की। उन्हें 20,756 वोट मिले, जबकि उनके रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी ब्रायन स्कोपा को 8,520 वोट यानी 29.1 प्रतिशत मतों से संतोष करना पड़ा।
हैदर ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘‘हमने कर दिखाया! हमने पिछले 15 महीनों तक कड़ी मेहनत की और डिस्ट्रिक्ट 84 के हर कोने में जाकर मतदाताओं से बात की। हमने जाना कि उनके लिए क्या मायने रखता है, वे क्या बदलाव देखना चाहते हैं, और हम सब मिलकर कैसे एक मजबूत, समृद्ध और समावेशी समुदाय का निर्माण कर सकते हैं।’’
इलिनोइस की विधायिका के लिए निर्वाचित होने से पहले, हैदर ने डुपेज काउंटी बोर्ड के सदस्य के रूप में काम किया।
हैदर का जन्म भारत में हुआ था और उनका परिवार उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले का मूल निवासी है। वह लगभग 20 साल पहले अमेरिका चली गई थीं।
हैदर ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) से वन्यजीव विज्ञान में स्नातकोत्तर किया है।
भाषा
धीरज सुरेश
सुरेश