मेरठ (उप्र), पांच नवंबर (भाषा) मेरठ जिले में किसी दूसरे व्यक्ति से विवाह तय होने से नाराज एक युवक ने अपनी प्रेमिका की कथित रूप से गला घोंटकर हत्या कर दी।
वारदात के बाद आरोपी ने खुद पुलिस को फोन कर वारदात की सूचना दी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र की शौकत कॉलोनी निवासी समरीन (25) फतेहल्लापुर स्थित एक कॉल सेंटर में काम करती थी।
उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह उसका छोटा भाई उसे कॉल सेंटर छोड़कर आया था, जिसके बाद उसके प्रेमी फिरोज ने उसे बातचीत के लिए बुलाया था।
सूत्रों ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि दोनों के बीच प्रेम संबंध थे और पिछले कुछ समय से विवाद था।
उन्होंने बताया कि फिरोज को जानकारी मिली थी कि समरीन का विवाह किसी और व्यक्ति से तय किया जा रहा है और इसी बात से नाराज होकर उसने समरीन को मिलने बुलाया और विवाह का दबाव बनाया, लेकिन इस दौरान विवाद होने पर उसने कथित तौर पर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
सूत्रों के मुताबिक आरोपी ने पुलिस को फोन करके बिजली बंबा बाईपास स्थित एक निजी अस्पताल के निकट जंगल में अंजाम दी गई इस वारदात की जानकारी दी, जिसके बाद परतापुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नगर क्षेत्र के अपर पुलिस अधीक्षक विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। भाषा सं. सलीम जोहेब
जोहेब