कोलकाता, पांच नवंबर (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बृहस्पतिवार को उद्योगपतियों और निवेशकों को भरोसा दिलाया कि नयी निवेश नीति के तहत किए गए वादों और लाभों में बाद में कोई कटौती नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा, ‘‘किसी प्रोत्साहन की अहमियत उतनी ही होती है, जितना उस पर किया गया भरोसा।’’
मुख्यमंत्री ने निवेशकों, उद्यमियों और ‘पश्चिम बंगाल के मित्रों’ को भेजे गए एक संदेश में कहा कि किसी निवेशक के लिए प्रोत्साहन की शर्तें ‘आशय प्रमाण पत्र’ जारी होने की तारीख पर तय कर दी जाएंगी, और बाद में किए जाने वाले किसी भी बदलाव से मिलने वाले लाभ कम नहीं होंगे।
यह आश्वासन इसलिए अहम है, क्योंकि इससे पहले तृणमूल कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार ने एक विधायी प्रक्रिया के जरिए प्रोत्साहन राशि के बकाये को खत्म कर दिया था।
मुख्यमंत्री का यह संदेश, ‘‘पश्चिम बंगाल निवेश प्रोत्साहन नीति, 2026’’ के अनावरण के कुछ घंटों बाद आया है, जिसका उद्देश्य औद्योगीकरण को बढ़ावा देना और रोजगार के अवसर पैदा करना है।
भाषा धीरज सुरेश
सुरेश