मुंबई, पांच नवंबर (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता प्रफुल्ल पटेल ने बृहस्पतिवार को ब्रीच कैंडी अस्पताल जाकर वहां भर्ती राकांपा (शरदचंद्र पवार) के अध्यक्ष शरद पवार से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
राकांपा (शप) अध्यक्ष पवार (85) को पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक से छुट्टी मिलने के बाद बुधवार को दक्षिण मुंबई के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रूबी हॉल क्लिनिक में पवार का सोमवार तक इलाज चला था।
पटेल ने संवाददाताओं से कहा कि वह पवार और सुप्रिया सुले से समय-समय पर मिलते रहते हैं, क्योंकि उनके बीच पारिवारिक संबंध हैं।
राकांपा नेता ने अस्पताल में राजनीतिक चर्चा होने की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि यह जगह सियासी चर्चा करने के लिए नहीं है।
पटेल और राकांपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने रविवार को दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस मुलाकात ने राजनीतिक हलचल पैदा कर दी है, क्योंकि राकांपा प्रमुख सुनेत्रा पवार और उनके बेटे पार्थ तथा जय वहां मौजूद नहीं थे।
शाह के साथ यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब ऐसी खबरें आ रही हैं कि राकांपा के वरिष्ठ नेता पार्टी में पार्थ पवार के बढ़ते प्रभाव से खुश नहीं है।
भाषा धीरज सुरेश
सुरेश