Breaking News

UP: दिवाली-छठ तक लगातार बिजली सप्लाई के निर्देश     |   तूफान से बढ़े जलस्तर को लेकर निचले इलाकों में अलर्ट-सीएम चंद्रबाबू का निर्देश     |   ग्रेटर नोएडा : गौर चौक अंडरपास आज से ट्रायल रन के लिए खुला     |   लखनऊ यूनिवर्सिटी में दीपावली अवकाश घोषित, 6-7 और 10 नवंबर को ऑनलाइन क्लास     |   गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती, GRAP-II के तहत वाहनों की एंट्री पर पाबंदी     |  

राहुल भारत में ‘घोर-वामपंथी' शासन थोपने की ‘अंतरराष्ट्रीय साजिश’ का नेतृत्व कर रहे हैं : फडणवीस

नागपुर, पांच नवंबर (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता उस ‘अंतरराष्ट्रीय साजिश’ का नेतृत्व कर रहे हैं, जिसके जरिये भारत पर पाकिस्तान और बांग्लादेश की तरह एक ‘घोर-वामपंथी’ शासन व्यवस्था थोपने की कोशिश की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि गांधी और कांग्रेस बांग्लादेशी घुसपैठियों को वोट देने का अधिकार देना चाहते हैं, ताकि वे संविधान, जनादेश और लोकतंत्र पर कब्जा कर सकें।

फडणवीस ने यहां सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ विरोध मार्च में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘आज हम यहां लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए एकत्र हुए हैं, जिन्हें कांग्रेस नेता राहुल गांधी और उनके समर्थक निशाना बना रहे हैं। गांधी का कहना है कि अब यह लड़ाई संसद में नहीं, बल्कि सड़कों पर लड़ी जाएगी, लेकिन जब तक संविधान मौजूद है, तब तक यह लड़ाई केवल संसद में ही लड़ी जाएगी। हालांकि, भाजपा भी पूरी ताकत के साथ सड़कों पर लड़ने के लिए तैयार है।’’

उन्होंने कहा कि यह लड़ाई भाजपा, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) या प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए नहीं, बल्कि देश के संविधान के लिए है।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘आज, राहुल गांधी के नेतृत्व में किसी तरह की अंतरराष्ट्रीय साजिश चल रही है, और यह कोई मामूली साजिश नहीं है। उन्होंने क्या कहा-‘हम व्यवस्था परिवर्तन चाहते हैं’। व्यवस्था परितवर्तन यानी सिर्फ सरकार बदलना या सत्ता का हस्तांतरण नहीं, बल्कि हम पूरी व्यवस्था को ही बदलना चाहते हैं’।’’

फडणवीस ने आरोप लगाया, ‘‘व्यवस्था का क्या अभिप्राय है? इसका अभिप्राय है लोकतंत्र, भारत का संविधान और उस संविधान द्वारा बनाई गई संस्थाएं। वे इन संस्थाओं और खुद संविधान को ही बदलना चाहते हैं।’’

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने कहा कि वे केवल एक सरकार को दूसरी सरकार से बदलना नहीं चाहते हैं।

उन्होंने दावा किया, ‘‘वे एक घोर-वामपंथी व्यवस्था लाना चाहते हैं, जैसी कि नेपाल, बांग्लादेश, पाकिस्तान और श्रीलंका में स्थापित की गई है। आरोप है कि वे इस साजिश के जरिये इसे भारत में थोपना चाहते हैं, और भारत में इस साजिश के मुखिया राहुल गांधी हैं।’’

फडणवीस ने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने नेपाल, बांग्लादेश और श्रीलंका में सत्ता परिवर्तन कराए थे, वे ही लोग राहुल गांधी की मदद कर रहे हैं। उनके सहयोगी राहुल गांधी के आसपास देखे जा सकते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘अगर हम नहीं जागे, तो इस साजिश से भारत में लोकतंत्र पूरी तरह से कमजोर हो जाएगा... इसीलिए हम सड़कों पर उतरे हैं। यह तो बस शुरुआत है। हमें यह लड़ाई तब तक जारी रखनी होगी, जब तक कि राहुल गांधी के संविधान-विरोधी और लोकतंत्र-विरोधी इरादों को नाकाम नहीं कर दिया जाता।’’

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस लंबे समय से संविधान-विरोधी गतिविधियों में संलिप्त रही है और जो लोग ‘वोट चोरी’ की बात कर रहे हैं, वास्तव में वे ही संविधान की चोरी कर रहे हैं।

फडणवीस ने कहा कि वे वोट की चोरी का दावा करते हैं और उनका कहना है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत 13 करोड़ मतदाताओं को हटा दिया गया।

उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी से मेरा सवाल यह है कि जिन तीन करोड़ लोगों के नाम हटाए गए हैं, क्या उनकी मृत्यु नहीं हुई है? वे अब जीवित नहीं हैं। और अब राहुल गांधी कह रहे हैं कि शायद उनके वोट भी वापस लाए जाने चाहिए। उन्हें लगता है कि जीवित लोग वोट नहीं देते और केवल मरे हुए लोग ही उन्हें वोट देंगे।’’

फडणवीस ने कहा कि संविधान द्वारा बनाई गई संस्थाओं के खिलाफ एक गलत विमर्श गढ़ा जा रहा है।

भाषा धीरज सुरेश

सुरेश