भुवनेश्वर, पांच नवंबर (भाषा) ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में 21-वर्षीय एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस को संदेह है कि हत्या के पीछे कारोबारी प्रतिद्वंद्विता हो सकती है।
हत्या में कथित संलिप्तता के आरोप में मुख्य आरोपी बिष्णुप्रसाद सामंतराय उर्फ पिकुन समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला कि बुधवार आधी रात को तपन नायक उर्फ तपु और दो अन्य लोग दोपहिया वाहन पर सवार थे। इसी दौरान पुराने शहर के मौसिमा चौक के पास एक फ्लाईओवर पर कुछ हथियारबंद हमलावरों ने उन्हें रोक लिया और उनपर गोलीबारी शुरू कर दी।
भुवनेश्वर के पुलिस उपायुक्त सरवना विवेक एम. ने कहा, ‘‘तपन को गोली लगी थी और उन्हें कैपिटल अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें एक निजी अस्पताल में भेज दिया गया। निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।’’
पुलिस आयुक्त एस देव दत्ता सिंह ने कहा, ‘‘आगे की जांच और फ्लाईओवर के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच में पता चला कि फ्लाईओवर पर किसी ने भी स्कूटर सवार तीनों लोगों को नहीं रोका था। इसलिए हमने मृतक के साथियों को हिरासत में लिया है।’’
उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान पता चला कि गोलीबारी की घटना धौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत शिशुपालगढ़ इलाके में हुई थी और घटना को छिपाने के लिए आरोपियों ने उसे अस्पताल ले जाने की योजना बनाई थी।
सिंह ने बताया कि मृतक और आरोपी बुधवार रात शिशुपालगढ़ इलाके में पार्टी कर रहे थे। पार्टी के दौरान कुछ लोग शराब पी रहे थे और उनमें से एक ने एक पार्सल निकाला, जिसमें एक पिस्तौल थी। उन्होंने यह पिस्तौल किसी से हासिल की थी।
पुलिस आयुक्त ने संवाददाताओं से कहा, 'सभी लोग बारी-बारी से पिस्तौल की जांच कर रहे थे और जब पिस्तौल पिकुन के हाथ में आई, तो उसने तपन पर गोली चला दी। अपराध के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए जांच जारी है।'
पुलिस ने बताया कि हत्या करने के बाद पिकुन और उसका दोस्त तपन को स्कूटर से अस्पताल ले गए और गिरफ्तारी से बचने की योजना बनाई।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 7.65 एमएम की एक पिस्तौल, एक कारतूस, एक खाली खोखा और स्कूटर जब्त किया है।
भाषा तान्या सुरेश
सुरेश