Breaking News

UP: दिवाली-छठ तक लगातार बिजली सप्लाई के निर्देश     |   तूफान से बढ़े जलस्तर को लेकर निचले इलाकों में अलर्ट-सीएम चंद्रबाबू का निर्देश     |   ग्रेटर नोएडा : गौर चौक अंडरपास आज से ट्रायल रन के लिए खुला     |   लखनऊ यूनिवर्सिटी में दीपावली अवकाश घोषित, 6-7 और 10 नवंबर को ऑनलाइन क्लास     |   गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती, GRAP-II के तहत वाहनों की एंट्री पर पाबंदी     |  

बिहार के सीवान में बंद दुकान के अंदर जलने से व्यक्ति की मौत

सीवान, पांच नवंबर (भाषा) बिहार के सीवान जिले में एक बंद दुकान के अंदर आग लगने से झुलसकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, घटना बुधवार शाम करीब 7:30 बजे जिले के जीबी नगर थाना क्षेत्र के सरैया गांव में हुई। घटनास्थल जीबी नगर थाने से लगभग 200 मीटर की दूरी पर स्थित है।

मृतक की पहचान जीबी नगर थाना क्षेत्र के अलावलपुर निवासी नदीम हुसैन के रूप में हुई है।

जीबी नगर के थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ''दमकलकर्मियों ने दुकान का ताला खोलकर अंदर फंसे व्यक्ति को बाहर निकाला और उसे सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां से बेहतर इलाज के लिए उसे पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।''

उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजन को सौंप दिया गया।

थानाध्यक्ष के मुताबिक, मृतक अपनी छोटी दुकान में पेट्रोल, डीजल, पेंट और अन्य सामान बेचता था। प्रारंभिक जांच में अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दुकान के अंदर आग किन परिस्थितियों में लगी।

उन्होंने बताया कि मृतक की पत्नी ने पुलिस को दिए आवेदन में कहा है कि उसने घटना को नहीं देखा था और उसे किसी पर कोई संदेह भी नहीं है। परिवार की ओर से किसी तरह की साजिश या हत्या का आरोप नहीं लगाया गया है।

सिंह ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर सभी पहलुओं से मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

उन्होंने बताया कि घटना के विरोध में ग्रामीणों ने हत्या का आरोप लगाते हुए सड़क पर प्रदर्शन किया, जिन्हें बाद में पुलिस ने समझा-बुझाकर हटा दिया।

इस बीच, सोशल मीडिया पर मृतक की बहन का एक कथित वीडियो प्रसारित हो रहा है, जिसमें वह आरोप लगाती दिख रही है कि तीन अज्ञात लोगों ने उसके भाई पर तेजाब फेंकने के बाद उसे बंद दुकान में जिंदा जला दिया। हालांकि, पीटीआई इस वीडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सका है।

पुलिस ने इन आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि फॉरेंसिक जांच में तेजाब हमले के कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया, ''फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल और नदीम के शव की जांच की, लेकिन तेजाब हमले का कोई साक्ष्य नहीं मिला। सीवान पुलिस स्पष्ट करती है कि तेजाब हमले के आरोप भ्रामक और निराधार हैं।''

बयान में कहा गया कि पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

भाषा कैलाश जोहेब

जोहेब