रायपुर, पांच नवंबर (भाषा) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बृहस्पतिवार को यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ‘लोकतंत्र बचाओ- अराजकता हटाओ’ रैली में आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल सत्ता हासिल करने की चाह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विरोध कर रहे हैं और देश के हितों के खिलाफ काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन के सहयोगी राजनीतिक फायदे के लिए लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा, ''विपक्षी दल चुनाव हारने पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और निर्वाचन आयोग पर सवाल उठाते हैं, जबकि चुनाव जीतने पर उन्हें वही व्यवस्था सही लगने लगती है। कांग्रेस और उसके सहयोगी सत्ता की चाह में प्रधानमंत्री मोदी का विरोध कर रहे हैं और इस प्रक्रिया में देश के हितों के खिलाफ काम कर रहे हैं।''
साय ने देश के पहले प्रधानमंत्री के चयन की प्रक्रिया का जिक्र करते हुए दावा किया कि कांग्रेस के 12 नेताओं ने सरदार वल्लभभाई पटेल का समर्थन किया था, लेकिन अंत में पंडित जवाहरलाल नेहरू को इस पद के लिए चुना गया।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि यह पदयात्रा लोकतंत्र, संविधान और संवैधानिक संस्थाओं की रक्षा के अभियान का हिस्सा है।
उन्होंने कांग्रेस पर चुनावी संस्थाओं को लेकर दोहरा रुख अपनाने का आरोप लगाया और कहा कि जनता ने बार-बार उसकी राजनीति को नकारा है।
भाषा संजीव
जोहेब
जोहेब