Breaking News

UP: दिवाली-छठ तक लगातार बिजली सप्लाई के निर्देश     |   तूफान से बढ़े जलस्तर को लेकर निचले इलाकों में अलर्ट-सीएम चंद्रबाबू का निर्देश     |   ग्रेटर नोएडा : गौर चौक अंडरपास आज से ट्रायल रन के लिए खुला     |   लखनऊ यूनिवर्सिटी में दीपावली अवकाश घोषित, 6-7 और 10 नवंबर को ऑनलाइन क्लास     |   गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती, GRAP-II के तहत वाहनों की एंट्री पर पाबंदी     |  

जॉर्डन की राजधानी में श्रीलंकाई दूतावास के पास सुरक्षा अधिकारी की हत्या की गई

काहिरा, पांच नवंबर (एपी) जॉर्डन की राजधानी अम्मान में श्रीलंकाई दूतावास के पास बृहस्पतिवार को एक हमलावर ने सुरक्षा अधिकारी पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। जॉर्डन के अधिकारियों ने इसे आतंकवादी कृत्य बताया।

यह हमला दक्षिणी जॉर्डन में एक चर्च में अंतिम संस्कार के दौरान बंदूकधारियों द्वारा गोलीबारी किए जाने की घटना के कुछ सप्ताह बाद हुआ है। उस हमले में नौ लोगों की मौत हो गई थी और कई घायल हुए थे।

जॉर्डन के सार्वजनिक सुरक्षा निदेशालय ने बताया कि उसके बल के एक सदस्य पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिसमें उसकी मौत हो गई। निदेशालय ने इसे 'कायरतापूर्ण आतंकवादी हमला' बताया। उसने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि हमलावर 'सामान्य सुरक्षा निदेशालय के अधिकारियों के खिलाफ आतंकवादी कृत्य को अंजाम देने की योजना बना रहा था।'

जॉर्डन के सरकारी अल-ममलका टीवी ने बताया कि गिरफ्तार किए जा चुके हमलावर ने मारे गए सुरक्षा अधिकारी से उसका हथियार छीनने की कोशिश की थी। चैनल के मुताबिक, इस दौरान एक अन्य सुरक्षा अधिकारी ने हस्तक्षेप किया, जिसमें हमलावर और दूसरा अधिकारी दोनों घायल हो गए।

श्रीलंकाई दूतावास ने पुष्टि की कि हमला उसके आसपास हुआ, लेकिन इस बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी।

जॉर्डन सरकार के प्रवक्ता मोहम्मद अल-मोमानी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा कि प्रधानमंत्री 'इस घटना पर सुरक्षा बलों की कार्रवाई पर करीबी नजर रख रहे हैं।' उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान सुरक्षाकर्मियों पर हमला करना 'राज्य की गरिमा पर हमला है।'

एपी तान्या सुरेश

सुरेश