नयी दिल्ली, पांच नवंबर (भाषा) विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने झारखंड सरकार के मंत्री इरफान अंसारी पर भड़काऊ बयान देने और ‘राष्ट्र-विरोधी मानसिकता’ रखने का आरोप लगाते हुए उन्हें मंत्रिमंडल से हटाने की बृहस्पतिवार को मांग की।
विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने दिल्ली के रामलीला मैदान में गत रविवार को आयोजित विपक्ष की संयुक्त रैली की भी आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि देश भर से लोगों को जुटाने की कोशिशों के बावजूद, इस जनसभा की असलियत सबके सामने आ गई।
बंसल ने एक वीडियो बयान में कहा, ‘‘विपक्ष ने रामलीला मैदान में अपनी पूरी ताकत लगाकर एक संयुक्त रैली आयोजित की, जिसमें देश भर से लोगों को लाने की कोशिश की गई। नेताओं ने बड़े-बड़े दावे किए, लेकिन रामलीला मैदान में हकीकत साफ तौर पर दिखाई दे रही थी।’’
उन्होंने अंसारी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि झारखंड के मंत्री अपनी ‘जिहादी मानसिकता’ से बाहर नहीं आ पा रहे हैं और भारत में भी बांग्लादेश तथा नेपाल जैसे हालात पैदा करने का सपना देख रहे हैं।
बंसल ने कहा, ‘‘उन्हें शर्म आनी चाहिए और तुरंत माफी मांगनी चाहिए। आपकी यह कहने की हिम्मत कैसे हुई कि केवल इसलिए कि राहुल गांधी के साथ बहुत सारे लोग हैं, आप हमला कर सकते हैं और सत्ता परिवर्तन ला सकते हैं?’’
विहिप प्रवक्ता ने कहा, ‘‘यह भारत-विरोधी एजेंडा अब और नहीं चलेगा। इरफान अंसारी, अपनी सीमा लांघ रहे हैं। भारत पर हमला करने वाले कई लोग आए और चले गए। यह अब वह भारत नहीं है जो कांग्रेस के शासनकाल में हुआ करता था। यह एक नया भारत है, एक शक्तिशाली भारत है, एक मजबूत भारत है।’’
उन्होंने कहा कि जो कोई भी भारत के लोकतंत्र, संविधान और व्यवस्था को चुनौती देगा, उसे जाना होगा।
बंसल ने कांग्रेस नेतृत्व से यह स्पष्ट करने को भी कहा कि क्या वह देश के युवाओं को उकसाना और गुमराह करना चाहती है, तथा देश को अराजकता की ओर धकेलना चाहती है।
उन्होंने कहा, ‘‘यह सपना कभी सच नहीं होगा। हाल ही में राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर दिए गए ऐसे भड़काऊ बयानों पर कार्रवाई होनी चाहिए।’’
विहिप के प्रवक्ता ने झारखंड के मुख्यमंत्री से अंसारी को तुरंत मंत्रिमंडल से हटाने की अपील की। उन्होंने सवाल किया, ‘‘राष्ट्र-विरोधी सोच रखने वाला व्यक्ति मंत्रिमंडल का सदस्य कैसे हो सकता है? ऐसे लोगों को अपनी सीमा पता होनी चाहिए।’’
अंसारी ने कथित तौर पर कहा था कि 40 लाख छात्र और युवा दिल्ली की सड़कों पर हैं, और राहुल गांधी उन्हें आगे बढ़ने से रोक रहे हैं। उन्होंने यह भी कथित चेतावनी दी कि अगर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस स्थिति पर ध्यान नहीं दिया, तो भारत में बांग्लादेश और नेपाल से भी बदतर हालात पैदा हो सकते हैं।
भाषा धीरज माधव
माधव