Breaking News

UP: दिवाली-छठ तक लगातार बिजली सप्लाई के निर्देश     |   तूफान से बढ़े जलस्तर को लेकर निचले इलाकों में अलर्ट-सीएम चंद्रबाबू का निर्देश     |   ग्रेटर नोएडा : गौर चौक अंडरपास आज से ट्रायल रन के लिए खुला     |   लखनऊ यूनिवर्सिटी में दीपावली अवकाश घोषित, 6-7 और 10 नवंबर को ऑनलाइन क्लास     |   गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती, GRAP-II के तहत वाहनों की एंट्री पर पाबंदी     |  

अखिलेश ने ब्रज को विरासत पर्यटन केंद्र बनाने का वादा किया

लखनऊ/मथुरा (उप्र), पांच नवंबर (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बृहस्पतिवार को वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर के गोस्वामी समुदाय के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान ब्रज क्षेत्र को विरासत पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने, वृंदावन को ए-श्रेणी की नगर पालिका का दर्जा दिलाने और मंदिरों को सरकारी नियंत्रण से मुक्त करने का वादा किया।

पार्टी की ओर से जारी बयान के मुताबिक सपा के प्रदेश मुख्यालय में हुई इस मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने यादव के उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री रहते हुए मथुरा और वृंदावन में कराए गए विकास कार्यों के लिए उनका आभार जताया।

बयान के मुताबिक यादव ने आश्वासन दिया कि वृंदावन की परंपराओं और विकास को साथ लेकर उसे नयी पहचान दी जाएगी।

यादव ने कहा कि ब्रज क्षेत्र को विरासत पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा और मंदिरों को सरकारी नियंत्रण से मुक्त किया जाएगा। उन्होंने वृंदावन को ए-श्रेणी की नगर पालिका का दर्जा देने का भी आश्वासन दिया।

सपा के वरिष्ठ नेता अशोक अग्रवाल ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि बैठक में वृंदावन की यातायात व्यवस्था और बंदरों की समस्या समेत कई नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।

उन्होंने बताया कि बैठक में श्री बांके बिहारी मंदिर समेत वृंदावन के अन्य मंदिरों की व्यवस्थाओं और वृंदावन के लिए अलग ए-श्रेणी का नगर निगम गठित करने की संभावना पर भी चर्चा हुई।

यह मुलाकात 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले भगवान कृष्ण और ब्रज क्षेत्र को लेकर बढ़ती राजनीतिक सक्रियता के बीच हुई है। हाल में आध्यात्मिक वक्ता धीरेंद्र शास्त्री की भगवान कृष्ण और भगवान राम को लेकर की गई कथित तुलना पर भी विवाद हुआ है। अखिलेश ने शास्त्री के खिलाफ कार्रवाई और उत्तर प्रदेश में उनके आगामी कार्यक्रम रद्द करने की मांग की है। भाषा सं. सलीम जोहेब

जोहेब