Breaking News

UP: दिवाली-छठ तक लगातार बिजली सप्लाई के निर्देश     |   तूफान से बढ़े जलस्तर को लेकर निचले इलाकों में अलर्ट-सीएम चंद्रबाबू का निर्देश     |   ग्रेटर नोएडा : गौर चौक अंडरपास आज से ट्रायल रन के लिए खुला     |   लखनऊ यूनिवर्सिटी में दीपावली अवकाश घोषित, 6-7 और 10 नवंबर को ऑनलाइन क्लास     |   गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती, GRAP-II के तहत वाहनों की एंट्री पर पाबंदी     |  

उत्तर प्रदेश का अगला विधानसभा चुनाव ‘योद्धाओं’ की तरह लड़ें भाजपा कार्यकर्ता : नवीन

गोरखपुर, पांच नवंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बृहस्पतिवार को पार्टी कार्यकर्ताओं से 2027 का उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव ‘योद्धाओं’ की तरह लड़ने और ऐतिहासिक जीत हासिल करने के संकल्प के साथ जुटने का आह्वान किया।

नवीन ने गोरखपुर में पार्टी पदाधिकारियों, पूर्व जनप्रतिनिधियों और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर 2027 के विधानसभा चुनाव में जीत के लिए एकजुट होकर काम करने को कहा।

उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा, “हमारे समर्पित कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत से हमने पहले भी ऐतिहासिक चुनाव जीते हैं और आगे भी जीतते रहेंगे। हमें 2027 का चुनाव योद्धाओं की तरह लड़ना और जीतना है। सभी कार्यकर्ताओं को जीत के संकल्प के साथ काम करना चाहिए।”

नवीन ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की ‘डबल इंजन’ सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों के दम पर भाजपा 2027 में भारी बहुमत से सत्ता में लौटेगी।

बैठक में भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, प्रदेश सह प्रभारी प्रदीप वर्मा, राष्ट्रीय सचिव एवं राज्यसभा सदस्य संगीता यादव, प्रदेश महामंत्री अभिजात मिश्रा और क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय समेत पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद थे।

इससे पहले, नवीन ने पूर्व जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक में उनके योगदान की सराहना की और उत्तर प्रदेश के विकास में बाधा डालने वाली ताकतों को पराजित करने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि ‘मिशन 2027’ की सफलता में वरिष्ठ नेताओं का अनुभव और मार्गदर्शन महत्वपूर्ण होगा।

भाजपा अध्यक्ष ने राजग के घटक दलों के जनप्रतिनिधियों से भी मुलाकात की और विश्वास जताया कि गठबंधन प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगा।

भाषा सं. सलीम जितेंद्र

जितेंद्र