Breaking News

UP: दिवाली-छठ तक लगातार बिजली सप्लाई के निर्देश     |   तूफान से बढ़े जलस्तर को लेकर निचले इलाकों में अलर्ट-सीएम चंद्रबाबू का निर्देश     |   ग्रेटर नोएडा : गौर चौक अंडरपास आज से ट्रायल रन के लिए खुला     |   लखनऊ यूनिवर्सिटी में दीपावली अवकाश घोषित, 6-7 और 10 नवंबर को ऑनलाइन क्लास     |   गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती, GRAP-II के तहत वाहनों की एंट्री पर पाबंदी     |  

भारती एयरटेल का दूसरी तिमाही में शुद्ध लाभ 24 प्रतिशत बढ़कर 10,710 करोड़ रुपये

नयी दिल्ली, पांच नवंबर (भाषा) दूरसंचार सेवा प्रदाता कंपनी भारती एयरटेल का चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 24 प्रतिशत बढ़कर 10,710 करोड़ रुपये हो गया।

वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी (जुलाई-सितंबर) तिमाही में कंपनी का मुनाफा 8,651 करोड़ रुपये रहा था।

एयरटेल ने बृहस्पतिवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि उसका परिचालन से एकीकृत राजस्व आलोच्य तिमाही में 16.7 प्रतिशत बढ़कर 60,877.5 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल की समान तिमाही में 52,145.4 करोड़ रुपये था।

भारती एयरटेल का भारत में राजस्व 9.4 प्रतिशत बढ़कर 42,308 करोड़ रुपये रहा।

कंपनी ने कहा कि भारत में मोबाइल सेवा से राजस्व सालाना आधार पर 10.1 प्रतिशत बढ़ा। दूसरी तिमाही में प्रति ग्राहक औसत कमाई (एआरपीयू) बढ़कर 271 रुपये हो गई, जो वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही में 256 रुपये था।

भारती एयरटेल के कार्यकारी उपाध्यक्ष गोपाल विट्टल ने कहा कि अफ्रीका में कंपनी का प्रदर्शन बेहतर रहा और वहां स्थिर मुद्रा आधार पर तिमाही आधार पर राजस्व वृद्धि 6.7 प्रतिशत रही।

उन्होंने कहा कि अफ्रीका में प्रदर्शन में सुधार का लाभ कंपनी की अपनी विकसित प्रौद्योगिकी प्रणाली को विभिन्न बाजारों में लागू करने से भी मिला है। इससे कारोबार के विस्तार और ग्राहकों तक पहुंच बनाने की क्षमता मजबूत हुई है।

विट्टल ने कहा, ‘‘भारत में कारोबार ने तिमाही आधार में 2.7 प्रतिशत की मजबूत राजस्व वृद्धि दर्ज की। भारत में मोबाइल सेवाओं से राजस्व में 3.4 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इसके पीछे प्रीमियम श्रेणी के उत्पादों और सेवाओं पर ध्यान देने तथा बेहतर गुणवत्ता वाले ग्राहक जोड़ने की हमारी रणनीति रही।’’

भाषा योगेश अजय

अजय