Breaking News

UP: दिवाली-छठ तक लगातार बिजली सप्लाई के निर्देश     |   तूफान से बढ़े जलस्तर को लेकर निचले इलाकों में अलर्ट-सीएम चंद्रबाबू का निर्देश     |   ग्रेटर नोएडा : गौर चौक अंडरपास आज से ट्रायल रन के लिए खुला     |   लखनऊ यूनिवर्सिटी में दीपावली अवकाश घोषित, 6-7 और 10 नवंबर को ऑनलाइन क्लास     |   गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती, GRAP-II के तहत वाहनों की एंट्री पर पाबंदी     |  

अमेरिका में बेरोजगारी भत्ते के लिए जुलाई मध्य के बाद सबसे कम आवेदन आए

वाशिंगटन, पांच नवंबर (एपी) अमेरिका में पिछले सप्ताह बेरोजगारी भत्ते के लिए आवेदन करने वाले लोगों की संख्या घटकर जुलाई मध्य के बाद सबसे निचले स्तर पर आ गई। इससे संकेत मिलता है कि कंपनियां अब भी बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की छंटनी से बच रही हैं और ज्यादातर कामगारों को रोजगार की सुरक्षा हासिल है।

श्रम विभाग ने बृहस्पतिवार को कहा कि पिछले सप्ताह बेरोजगारी भत्ते के लिए 1,89,000 लोगों ने आवेदन किया, जबकि उससे एक सप्ताह पहले यह संख्या 1,95,000 थी। चार सप्ताह का औसत भी घटकर 1,94,750 रह गया।

बेरोजगारी भत्ते के लिए आने वाले आवेदन को छंटनी का संकेतक माना जाता है। अर्थशास्त्री श्रम बाजार की स्थिति और उसके भविष्य के रुझान का आकलन करने के लिए इस आंकड़े पर करीबी नजर रखते हैं।

इस साल अबतक बेरोजगारी भत्ते के आवेदन की संख्या ऐतिहासिक रूप से निचले स्तर पर बनी हुई है और किसी भी सप्ताह में यह 2,30,000 से अधिक नहीं हुई। लगातार आठ सप्ताह से यह आंकड़ा दो लाख या उससे कम रहा है।

इस साल नियोक्ताओं ने हर महीने औसतन 68,000 नौकरियां जोड़ी हैं। हालांकि, पिछले महीने यह संख्या केवल 29,000 रही थी। यह पिछले साल के औसतन 9,700 मासिक रोजगार सृजन के मुकाबले बेहतर है। ऊंची ब्याज दरों और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अनिश्चित व्यापार नीतियों के कारण 2025 में कंपनियां नई भर्तियों को लेकर सतर्क रही थीं।

इस बीच, उपभोक्ता खर्च में मजबूती बनी हुई है और कृत्रिम मेधा (एआई) में निवेश बढ़ने से आर्थिक वृद्धि को समर्थन मिला है।

श्रम विभाग शुक्रवार को अक्टूबर के रोजगार आंकड़े जारी करेगा। एक विश्लेषक सर्वेक्षण के मुताबिक, अक्टूबर में अमेरिकी अर्थव्यवस्था में 65,000 नौकरियां जुड़ने की उम्मीद है। वहीं, बेरोजगारी दर 4.2 प्रतिशत के निचले स्तर पर बनी रहने का अनुमान है।

एपी प्रेम

प्रेम अजय

अजय