पेरिस, पांच नवंबर (एपी) यूरोप में कई उड़ानों को बृहस्पतिवार को बम की धमकियां मिलीं, जिसके कारण विमानों को आपात स्थिति में उतारना पड़ा और फ्रांस, इटली एवं बुल्गारिया के हवाई अड्डों पर उनकी तलाशी ली गई तथा कुछ विमानों को सैन्य सुरक्षा भी प्रदान की गई।
ब्रिटेन के एक अधिकारी ने इन धमकियों को ''शरारतपूर्ण झूठी धमकियां'' करार दिया। उन्होंने कहा कि इस सप्ताह की शुरुआत में भी इसी तरह की कई झूठी धमकियां मिली थीं।
कोपेनहेगन, डबलिन, हेलसिंकी, मैड्रिड, मिलान और वारसॉ सहित विभिन्न शहरों से रवाना हुई एक दर्जन से अधिक उड़ानों को बम की धमकियां मिलने की पुष्टि हुई है।
इनमें से अधिकतर विमानों का मार्ग बदलकर उन्हें आपात स्थिति में दूसरे हवाई अड्डों पर उतारा गया, जबकि कुछ विमान अपने निर्धारित गंतव्यों पर सुरक्षित उतरे। अब तक की गई जांच में कोई खतरनाक या संदिग्ध सामग्री नहीं मिली है।
ब्रिटेन की परिवहन मंत्री हेइडी अलेक्जेंडर ने ब्रिटिश प्रसारकों से कहा कि यूरोप भर की उड़ानों को ''शरारतपूर्ण झूठी धमकियों'' का सामना करना पड़ा है।
यूरोपीय संघ के परिवहन आयुक्त अपोस्टोलोस त्जित्जिकोस्तास ने कहा कि ''नागरिकों के खिलाफ किसी भी तरह की धमकी अस्वीकार्य है'' और यूरोपीय संघ की कार्यकारी शाखा प्रभावित सदस्य देशों के संपर्क में है।
त्जित्जिकोस्तास ने डबलिन में संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह निष्कर्ष निकालना अभी जल्दबाजी होगी कि क्या इन घटनाओं के बीच कोई संबंध है। राष्ट्रीय स्तर पर जांच जारी है।’’
उन्होंने कहा कि विमानन सुरक्षा से संबंधित यूरोपीय संघ के स्तर पर सूचना साझा करने की व्यवस्था सक्रिय कर दी गई है और ‘‘अभी हमारे पास यह जानकारी नहीं है कि क्या यह साइबर हमला है।’’
इस तरह की धमकियां नयी नहीं हैं, लेकिन हाल की घटनाएं ऐसे समय में सामने आई हैं जब भू-राजनीतिक तनाव बढ़ रहा है और अन्य व्यवधानकारी घटनाएं भी हो रही हैं। इनमें सुपरमार्केट की प्रशीतन प्रणालियों पर हमले, यूरोप में ड्रोन की घुसपैठ और अलर्ट जारी करने वाले ऐप को रहस्यमय तरीके से सक्रिय किया जाना शामिल है। प्राधिकारियों ने आगाह किया है कि यूरोप में इस तरह के हाइब्रिड खतरे व्यापक रूप से मौजूद हैं।
फ्रांस के प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि डबलिन से रोम जा रही एक उड़ान को बम की धमकी मिलने के बाद पश्चिमी फ्रांस स्थित एक सैन्य हवाई अड्डे की ओर मोड़ दिया गया। प्रधानमंत्री सेबेस्टियन लेकोर्नू के कार्यालय के अनुसार, विमान नॉरमैंडी के एव्रू स्थित सैन्य हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतर गया।
कार्यालय ने बताया कि विमान में सवार सभी 151 यात्री और चालक दल के छह सदस्य सुरक्षित हैं तथा सैन्य बम निरोधक दस्ते विमान की जांच कर रहे हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, एर लिंगस की डबलिन-रोम उड़ान के यात्रियों से हवाई अड्डे के भीतर 10-10 के समूह में पूछताछ की गई और उनकी जांच की गई।
कुछ घंटे बाद विमान हवाई अड्डे के रनवे पर खड़ा था। उसके पास रेडक्रॉस का एक वाहन मौजूद था और कुत्तों के साथ विस्फोटक विशेषज्ञ विमान की जांच करते दिखाई दिए।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि एर लिंगस की उड़ान को बम की धमकी मिलने के बाद इटली के अधिकारियों ने फ्रांस सरकार को इसकी सूचना दी थी। इसके बाद फ्रांस के एक लड़ाकू विमान ने उसे सुरक्षा प्रदान करते हुए एव्रू सैन्य अड्डे तक पहुंचाया। फ्रांस के विमानन सुरक्षा अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हवाई अड्डे के एक अधिकारी के अनुसार, धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद इतालवी वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने हेलसिंकी से रोम जा रही फिनएयर की एक उड़ान को सुरक्षा प्रदान की।
अधिकारी ने नाम उजागर नहीं करने की शर्त पर बताया कि विमान सुबह करीब साढ़े नौ बजे रोम के लियोनार्डो दा विंची हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतरा। पुलिस के बम निरोधक विशेषज्ञों की जांच में कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।
फिनएयर ने कहा कि उसकी दो उड़ानों को, जिनमें रोम में उतरी उड़ान भी शामिल है, ''झूठी बम धमकियों'' का सामना करना पड़ा।
कंपनी ने बताया कि फिनएयर की उड़ान एवाई1761 में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला और विमान को हेलसिंकी के लिए रवाना होना है।
फिनएयर के अनुसार, हेलसिंकी से वियना जा रही उसकी दूसरी उड़ान का संचालन जेटटाइम कर रही थी। यह विमान अपने निर्धारित गंतव्य पर सुरक्षित उतरा और जांच पूरी होने के बाद इसके दोबारा परिचालन शुरू करने की उम्मीद है।
यूनान की एजीयन एयरलाइंस ने बृहस्पतिवार को पुष्टि की कि उसकी दो उड़ानों- थेसालोनिकी से मिलान और एथेंस से वियना जा रही उड़ानों को बम की धमकियां मिलीं, जो बाद में झूठी साबित हुईं।
एयरलाइन ने कहा कि सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया और धमकियों के ''बेबुनियाद'' होने की पुष्टि के बाद मिलान और वियना से दोनों उड़ानों ने दोबारा उड़ान भरी।
चेक गणराज्य की पुलिस ने बताया कि बम की धमकियों का निशाना बनने के बाद प्राग में उतरे चार अन्य विमानों की तलाशी ली गई, लेकिन उनमें कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। पुलिस ने विमानों के शुरुआती स्थानों के बारे में जानकारी नहीं दी। उसने कहा कि धमकियों को विश्वसनीय नहीं मानने के बावजूद एहतियाती कदम उठाए गए।
लॉट पोलिश एयरलाइंस ने बताया कि वारसॉ से ब्रसेल्स जा रही उसकी एक उड़ान अपने गंतव्य पर सुरक्षित उतरी और जांच में कोई खतरनाक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
विज एयर की मिलान से बुखारेस्ट जा रही एक उड़ान बम की धमकी के बाद बुखारेस्ट में सुरक्षित उतरी। हवाई अड्डे के प्रवक्ता टियो पोस्तेल्निकु ने बताया कि जांच में कोई खतरा नहीं मिला और हवाई यातायात निर्धारित समय के अनुसार जारी रहा।
लोअर ऑस्ट्रिया प्रांत के पुलिस प्रवक्ता स्टीफन लोइडल ने बताया कि पोलिश अधिकारियों को एक अस्पष्ट धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद वारसॉ जा रही एक उड़ान वियना में उतरी। विमान में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला और बाद में वह वारसॉ के लिए रवाना हो गया।
उन्होंने कहा कि वियना हवाई अड्डे को लेकर भी चार अन्य उड़ानों के संबंध में अस्पष्ट धमकी मिली थी। हालांकि, उन्होंने इन उड़ानों की पहचान नहीं बताई और कहा कि हवाई अड्डे का परिचालन प्रभावित नहीं हुआ।
वारसॉ के चोपिन हवाई अड्डे के प्रवक्ता पिओत्र रुड्जकी ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह वारसॉ से पेरिस जाने वाली लॉट की एक उड़ान की जांच की गई। हवाई अड्डे पर विमान के रवाना होने से पहले धमकी मिलने की सूचना दी गई थी। हालांकि, जांच में कोई खतरा नहीं मिला। मानक सुरक्षा प्रक्रिया के तहत चोपिन हवाई अड्डे के एक रनवे को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था।
बम की धमकियों के कारण बुल्गारिया के सोफिया जा रही रयानएयर की तीन उड़ानों को आपात स्थिति में उतारना पड़ा।
हवाई अड्डे के अधिकारियों ने संवाददाताओं को बताया कि इनमें से दो उड़ानें, एक डेनमार्क के कोपेनहेगन और दूसरी स्पेन के मैड्रिड से आ रही थी, सोफिया के वासिल लेवस्की हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतरीं।
लंदन के स्टैनस्टेड हवाई अड्डे से सोफिया जा रही तीसरी उड़ान का मार्ग बदलकर उसे बुल्गारिया के दूसरे सबसे बड़े शहर प्लोवदिव के हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतारा गया। प्लोवदिव हवाई अड्डे के मुख्य कार्यकारी अधिकारी क्रासिमिर पेशेव ने यह जानकारी दी।
रक्षा मंत्रालय ने बताया कि सोफिया और प्लोवदिव में आपात स्थिति में उतारे गए तीनों विमानों को बुल्गारिया के हवाई क्षेत्र में लड़ाकू विमानों ने सुरक्षा प्रदान की।
अधिकारियों के अनुसार, इस सप्ताह की शुरुआत में भी यूरोप की कई उड़ानों को बम की झूठी धमकियां मिली थीं, जिसके कारण विमानों की तलाशी ली गई, उनके मार्ग बदले गए थे और एक मामले में उतरने तक इतालवी वायुसेना ने विमान को सुरक्षा प्रदान की थी।
इन उड़ानों में पोलिश एयरलाइन लॉट, स्कैंडिनेवियन एयरलाइंस, विज एयर और रयानएयर के विमान शामिल थे।
ये झूठी धमकियां उस घटना के बाद मिली थीं, जब बुल्गारिया जा रहे एक विमान को हवा में बम की ऐसी ही धमकी मिलने के बाद हंगरी की ओर मोड़ दिया गया था। इन घटनाओं में कोई घायल नहीं हुआ।
एपी
अमित सुरेश
सुरेश