गिरिडीह, पांच नवंबर (भाषा) झारखंड के गिरिडीह जिले में धनवार बाजार के पास स्थित यूको बैंक की एक शाखा में बृहस्पतिवार को हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने लूटपाट की। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक (एसपी) बिमल कुमार ने संवाददाताओं को बताया कि दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर पांच हथियारबंद बदमाश आए और लूटपाट की।
एसपी ने कहा, “बदमाशों में से एक ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि बाकी चार ने चेहरे पर नकाब लगा रखे थे। सभी के पास पिस्तौल थी।”
पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने सबसे पहले शाखा प्रबंधक के केबिन में घुसकर उनकी कनपटी पर पिस्तौल तान दी और इसके बाद उन्होंने बैंक प्रबंधक, कर्मचारियों और ग्राहकों को बंधक बनाकर उन्हें एक जगह पर बंद कर दिया।
पुलिस ने बताया कि पीड़ितों के चेहरे और हाथों को चिपकने वाली टेप से बांध दिया गया।
पुलिस के मुताबिक इसके बाद बदमाशों ने प्रबंधक पर सोना रखे लॉकर की चाबियां देने का दबाव बनाया और साथ ही नकदी लूट ली।
पुलिस ने कहा कि बैंक की यह शाखा बाजार के मध्य इलाके में थाने के ठीक सामने स्थित है और दोनों के बीच की दूरी मुश्किल से 100 मीटर है।
पुलिस के अनुसार बैंक के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में बदमाश थैलों में सोना भरकर भागते दिखाई दिए, वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश बैंक का सीसीटीवी डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (डीवीआर) भी अपने साथ ले गए, ताकि सबूत मिटाए जा सकें।
एसपी ने कहा, “बैंक अधिकारी अब भी लूटी गई नकदी और गहनों की सही मात्रा का पता लगा रहे हैं। हालांकि, शुरुआती जानकारी के अनुसार, बैंक के एक अधिकारी ने करीब 10 लाख रुपये नकद और तीन से चार करोड़ रुपये मूल्य के गहने लूटे जाने की बात कही है। मामले की जांच जारी है और पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है।”
एसपी ने बताया कि पुलिस की एक टीम ने वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं और एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। बदमाशों को पकड़ने के लिए पूरे इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी की जा रही है।
भाषा जोहेब पवनेश
पवनेश