Breaking News

UP: दिवाली-छठ तक लगातार बिजली सप्लाई के निर्देश     |   तूफान से बढ़े जलस्तर को लेकर निचले इलाकों में अलर्ट-सीएम चंद्रबाबू का निर्देश     |   ग्रेटर नोएडा : गौर चौक अंडरपास आज से ट्रायल रन के लिए खुला     |   लखनऊ यूनिवर्सिटी में दीपावली अवकाश घोषित, 6-7 और 10 नवंबर को ऑनलाइन क्लास     |   गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती, GRAP-II के तहत वाहनों की एंट्री पर पाबंदी     |  

शाह ने हरियाणा की प्रगति की सराहना की, देश का मान बढ़ाने वाले राज्य के खिलाड़ियों की प्रशंसा की

अंबाला, पांच नवंबर (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को हरियाणा द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में की गई प्रगति की सराहना की और अपने-अपने खेलों में बेहतरीन प्रदर्शन कर देश का मान बढ़ाने वाले राज्य के खिलाड़ियों की प्रशंसा की।

उन्होंने कृषि क्षेत्र में हरियाणा की भूमिका के बारे में भी बात की।

शाह ने कहा, “जब देश को कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की आवश्यकता थी, तब इसी हरियाणा के किसानों ने देश के अन्न-भंडारों को भर दिया। ‘श्वेत क्रांति’ में भी हरियाणा का बहुत बड़ा योगदान रहा है।”

खिलाड़ियों की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा, “जब राष्ट्रीय खेल की पदक तालिका तैयार होती है, तो भारत धीरे-धीरे ऊपर चढ़ता है। अगर हम भारत के आंकड़ों को देखें - जिसे मैं पिछले 13 सालों से लगातार देख रहा हूं - तो इसमें पहले नंबर पर मेरा हरियाणा है।”

शाह ने 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के दौरान अपने प्राण न्योछावर करने वालों के सम्मान में बनाए गए एक स्मारक का उद्घाटन करने के बाद, अंबाला छावनी में एक सभा को संबोधित किया।

इस मौके पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री और करनाल के सांसद मनोहर लाल, प्रदेश भाजपा प्रमुख अर्चना गुप्ता, हरियाणा के मंत्री और अंबाला छावनी के विधायक अनिल विज, विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण, भाजपा की हरियाणा प्रभारी स्मृति ईरानी और सह-प्रभारी भोला सिंह भी मौजूद थे।

इस मौके पर, शाह ने 1,260 करोड़ रुपये की लागत वाली 23 किलोमीटर लंबी जलबेहरा-शाहबाद (राष्ट्रीय राजमार्ग-152 जी) राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना का भी उद्घाटन किया।

इन परियोजनाओं के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि 1,260 करोड़ रुपये की लागत से बने एक राष्ट्रीय राजमार्ग का भी उद्घाटन किया गया है।

शाह ने कहा, “साथियों, मैं बहुत लंबी बात नहीं करना चाहता, लेकिन हरियाणा ने हाल ही में 60 साल पूरे किए हैं। यह हम भाजपा कार्यकर्ताओं का सौभाग्य है और हरियाणा सरकार का आशीर्वाद है कि इन 60 वर्षों में से 12 वर्षों तक आपने नरेन्द्र मोदी और ‘कमल’ के निशान पर भरोसा जताया।”

उन्होंने कहा, “मनोहर (लाल) जी और (नायब) सैनी जी, इन दोनों ने पिछले 12 वर्षों में हरियाणा में एक बड़ा बदलाव किया है।”

शाह ने पिछले 12 वर्षों में हरियाणा में भाजपा सरकार की कई उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी।

उन्होंने आगे कहा कि हरियाणा देश का एकमात्र ऐसा राज्य बन गया है, जो न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर 24 फसलों की खरीद करता है।

शाह ने कहा कि हरियाणा देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है जहां हाइड्रोजन ट्रेन चलाई गई है, और देश का पहला एलिवेटेड रेलवे ट्रैक भी इसी राज्य में शुरू किया गया था।

उन्होंने कहा कि देश का सबसे बड़ा ट्रांसजेंडर कल्याण बोर्ड हरियाणा में स्थापित किया गया था।

शाह ने कहा कि हरियाणा में शिक्षित पंचायतें बनाने और ऑनलाइन तबादला नीति लागू करने का काम सबसे पहले तब हुआ, जब मनोहर लाल राज्य के मुख्यमंत्री थे।

उन्होंने कहा कि अगर हरियाणा से ‘तबादला उद्योग’ को किसी ने जड़ से खत्म किया है, तो वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) है।

उन्होंने कहा, “...हरियाणा में पहला आयुष विश्वविद्यालय बनाया गया। हरियाणा ‘परिवार पहचान पत्र’ लागू करने वाला पहला राज्य बना। हरियाणा बागवानी फसलों तक ‘भावान्तर योजना’ का विस्तार करके अपने किसानों के साथ खड़ा होने वाला पहला राज्य बन गया है। साथ ही, हरियाणा वह राज्य है जो मनरेगा के तहत सबसे अधिक मजदूरी देता है।”

शाह ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हरियाणा को प्राथमिकता दी है।

उन्होंने कहा, “मोदी जी जाहिर तौर पर प्राथमिकता देंगे ही, क्योंकि भाजपा के महासचिव (संगठन) के रूप में वे हरियाणा के प्रभारी थे।”

शाह ने कहा कि अगर किसी राज्य की सबसे अधिक ज़मीन राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़ी है, तो वह हरियाणा है, और इसका श्रेय उन्होंने मोदी को दिया।

भाषा प्रशांत माधव

माधव