शिमला, पांच नवंबर (भाषा) हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले की एक बच्ची ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से अपनी मां का तबादला घर के पास करने की भावुक अपील की। उसने बताया कि वह पिछले तीन साल से अपनी मां से अलग रह रही है। सुक्खू ने बच्ची को मामले में जल्द उचित कदम उठाने का भरोसा दिलाया।
सुक्खू बुधवार रात चंबा जिले के चुराह विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे, जहां वंशिका ठाकुर नामक बच्ची ने उनसे रुंधे गले से अपनी मां के तबादले की अपील की।
परिजन के मुताबिक, चुराह क्षेत्र की जूनियर बेसिक ट्रेनिंग (जेबीटी) शिक्षिका नारो शिमला जिले के नेरवा में लगभग तीन वर्षों से कार्यरत हैं। चुराह और नेरवा के बीच की दूरी लगभग 700 किलोमीटर है।
वंशिका ने सुक्खू को बताया कि वह कक्षा चार तक अपनी मां के पास रही, लेकिन पांचवीं कक्षा में उसका दााखिला चुराह में घर के पास स्थित एक स्कूल में कराना पड़ा।
वंशिका अब कक्षा आठ में है। वह नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही है। उसने कहा कि मां के नौकरी के सिलसिले में शिमला में होने की वजह से उसे काफी मुश्किलों का सामना करता है।
सुक्खू ने वंशिका और उसके परिवार को भरोसा दिलाया कि नारो का तबादला चुराह में स्थित किसी स्कूल में करने के लिए जल्द उचित कदम उठाया जाएगा।
भाषा पारुल माधव
माधव