Breaking News

UP: दिवाली-छठ तक लगातार बिजली सप्लाई के निर्देश     |   तूफान से बढ़े जलस्तर को लेकर निचले इलाकों में अलर्ट-सीएम चंद्रबाबू का निर्देश     |   ग्रेटर नोएडा : गौर चौक अंडरपास आज से ट्रायल रन के लिए खुला     |   लखनऊ यूनिवर्सिटी में दीपावली अवकाश घोषित, 6-7 और 10 नवंबर को ऑनलाइन क्लास     |   गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती, GRAP-II के तहत वाहनों की एंट्री पर पाबंदी     |  

समालोचक और शिक्षाविद् रामलाल अग्रवाल का जालना में 86 वर्ष की आयु में निधन

जालना, पांच नवंबर (भाषा) प्रख्यात लेखक, समालोचक और शिक्षाविद् रामलाल अग्रवाल का उम्र संबंधी बीमारियों के कारण बृहस्पतिवार शाम महाराष्ट्र के जालना शहर स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। पारिवारिक सूत्रों से यह जानकारी प्राप्त हुई।

वह 86 वर्ष के थे। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटे और एक बेटी हैं।

अग्रवाल अंग्रेजी विषय के शिक्षक थे 1995 से 2000 तक जालना के जेईएस कॉलेज के प्राचार्य के रूप में कार्य किया था। उन्होंने डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर मराठवाड़ा विश्वविद्यालय में अंग्रेजी अध्ययन बोर्ड के अध्यक्ष और कला संकाय के डीन सहित महत्वपूर्ण शैक्षणिक पदों पर भी कार्य किया।

प्रख्यात समालोचक अग्रवाल अमेरिका की अंतरराष्ट्रीय साहित्य और संस्कृति से जुड़ी पत्रिका ‘वर्ल्ड लिटरेचर टुडे’ के लिए भारत में अंग्रेजी लेखन की समीक्षा करते थे। उनके लेख और समीक्षाएं देश के प्रतिष्ठित प्रकाशनों में प्रकाशित होती थीं।

पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार पूर्वाह्न 10 बजे किया जाएगा। उनकी अंतिम यात्रा भोकर्दन नाका इलाके में कुंदन हेरिटेज स्थित उनके आवास से शुरू होगी और स्थानीय श्मशान घाट तक जाएगी।

भाषा तान्या धीरज

धीरज