Breaking News

UP: दिवाली-छठ तक लगातार बिजली सप्लाई के निर्देश     |   तूफान से बढ़े जलस्तर को लेकर निचले इलाकों में अलर्ट-सीएम चंद्रबाबू का निर्देश     |   ग्रेटर नोएडा : गौर चौक अंडरपास आज से ट्रायल रन के लिए खुला     |   लखनऊ यूनिवर्सिटी में दीपावली अवकाश घोषित, 6-7 और 10 नवंबर को ऑनलाइन क्लास     |   गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती, GRAP-II के तहत वाहनों की एंट्री पर पाबंदी     |  

जर्मनी की रूढ़िवादी पार्टी के नेता बर्लिन के होटल में मृत पाये गये

बर्लिन, पांच नवंबर (एपी) बवेरिया की राजनीति में मजबूत पकड़ रखने वाली और पूरे जर्मनी में अपना प्रभाव बढ़ाने की कोशिश कर रही एक रूढ़िवादी पार्टी के नेता हुबर्ट आइवांगर बर्लिन के एक होटल में मृत पाए गए हैं।

बर्लिन पुलिस के अनुसार, बवेरिया के ‘डिप्टी गवर्नर’ आइवांगर का शव बुधवार शाम राजधानी बर्लिन के मध्य क्षेत्र में स्थित एक होटल के कमरे में मिला।

अभियोजकों ने बताया कि बृहस्पतिवार को किए गए पोस्टमार्टम में ऐसा कोई सबूत नहीं मिला, जिससे उनकी मौत में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता का संकेत मिले।

जर्मन समाचार एजेंसी ‘डीपीए’ की खबर के मुताबिक, 55 वर्षीय आइवांगर को बुधवार दोपहर अपनी पार्टी 'फ्री वोटर्स' के बर्लिन कार्यालय के उद्घाटन समारोह में भाषण देना था, लेकिन उन्होंने स्वास्थ्य संबंधी कारणों का हवाला देते हुए कार्यक्रम में शामिल होने से मना कर दिया था।

आइवांगर 2006 से बवेरिया में पार्टी के अध्यक्ष और 2010 से राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी के प्रमुख थे।

अपने आक्रामक राजनीतिक तेवरों, क्षेत्रीय लहजे और लोकलुभावन अंदाज के चलते उन्होंने अपनी पार्टी को बवेरिया में लंबे समय से राजनीतिक दबदबा बनाए रखने वाली क्रिश्चियन सोशल यूनियन (सीएसयू) का मजबूत प्रतिद्वंद्वी बना दिया था। सीएसयू उस मध्य-दक्षिणपंथी गठबंधन का हिस्सा है, जो वर्तमान में जर्मनी की सत्ता में है।

उनके नेतृत्व में 2008 में ‘फ्री वोटर्स’ ने म्यूनिख की राज्य विधानसभा में अपनी जगह बनाई। इसके एक दशक बाद, जब सीएसयू राज्य विधानसभा में बहुमत हासिल करने में विफल रही, तो ‘फ्री वोटर्स’ बवेरिया की गठबंधन सरकार में सहयोगी पार्टी के रूप में शामिल हो गई।

बवेरिया के गवर्नर मार्कस सोडर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘हुबर्ट आइवांगर का अचानक निधन होना बहुत ही दुखद है।’’

एपी

देवेंद्र माधव

माधव