Breaking News

UP: दिवाली-छठ तक लगातार बिजली सप्लाई के निर्देश     |   तूफान से बढ़े जलस्तर को लेकर निचले इलाकों में अलर्ट-सीएम चंद्रबाबू का निर्देश     |   ग्रेटर नोएडा : गौर चौक अंडरपास आज से ट्रायल रन के लिए खुला     |   लखनऊ यूनिवर्सिटी में दीपावली अवकाश घोषित, 6-7 और 10 नवंबर को ऑनलाइन क्लास     |   गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती, GRAP-II के तहत वाहनों की एंट्री पर पाबंदी     |  

विदेश सचिव मिसरी ने नेपाल के प्रधानमंत्री शाह से मुलाकात की, द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की

(शिरीष बी प्रधान)

काठमांडू, पांच नवंबर (भाषा) भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने बृहस्पतिवार को नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह से मुलाकात की और द्विपक्षीय हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

विदेश सचिव मिसरी की नेपाल यात्रा का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री शाह की आगामी भारत यात्रा पर चर्चा करना है। प्रधानमंत्री शाह के इस महीने के आखिर में भारत की आधिकारिक यात्रा पर आने की संभावना है।

काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास ने कहा कि विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने नेपाल के प्रधानमंत्री शाह से मुलाकात की और उन्हें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से शुभकामनाएं दीं।

दूतावास ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘बैठक में विभिन्न द्विपक्षीय पहल को लागू करने और भारत-नेपाल सहयोग को विभिन्न क्षेत्रों में और बढ़ाने की संभावनाओं पर चर्चा हुई। इसमें आगामी उच्चस्तरीय यात्रा के संदर्भ में विशेष रूप से चर्चा की गई।’’

यहां प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, ‘सिंह दरबार’ में हुई बैठक में मिसरी ने कहा कि भारत प्रधानमंत्री शाह की आगामी यात्रा को सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां कर रहा है।

बयान में कहा गया कि प्रधानमंत्री शाह ने विनाशकारी रसुवा-भोटेकोशी बाढ़ के बाद सबसे पहले राहत सामग्री उपलब्ध कराने और बचाव दल भेजकर सहायता करने के लिए भारत सरकार का आभार जताया।

नेपाल के प्रधानमंत्री ने आपदा के समय फोन करके एकजुटता व्यक्त करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी का भी आभार जताया।

मिसरी ने प्रधानमंत्री को बताया कि ऊर्जा, जल संसाधन, व्यापार एवं पारगमन और नागरिक उड्डयन के क्षेत्रों में नेपाल और भारत के द्विपक्षीय तंत्रों की नियमित बैठकें सफलतापूर्वक हो रही हैं।

इससे पहले मिसरी ने विदेश मंत्री शिशिर खनाल और वित्त मंत्री स्वर्णिम वाग्ले से शिष्टाचार भेंट की। बुधवार को उन्होंने नेपाल के विदेश सचिव अमृत बहादुर राय के साथ द्विपक्षीय बैठक भी की थी।

भाषा शफीक माधव

माधव