बारिपदा (ओडिशा), पांच नवंबर (भाषा) ओडिशा वन विभाग ने मयूरभंज जिले में एक व्यक्ति के घर से हाथी के दांत और हिरण के सींग समेत वन्यजीवों के अंग बरामद करने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार किये गये व्यक्ति की पहचान काप्तिपाडा थानाक्षेत्र के बिशोल गांव के ईश्वर बिंधानी के रूप में हुई है।
अधिकारियों के अनुसार, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 122 करोड़ रुपये की वित्तीय धोखाधड़ी के आरोपों से जुड़े एक मामले की जांच के दौरान बुधवार को बिंधानी के घर पर छापा मारा।
उन्होंने बताया कि छापेमारी के दौरान ईडी अधिकारियों को बिंधानी के घर से वन्यजीवों के अंग मिले।
वन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि बाद में सूचना मिलने पर वन विभाग के अधिकारी बिंधानी के घर पहुंचे और वन्यजीवों के अवशेषों को जब्त कर लिया। उन्होंने बताया कि मामले में बिंधानी को गिरफ्तार किया गया है।
सहायक वन संरक्षक (बारिपदा) मेहरबानी अली ने कहा, ‘‘ हमने ईडी के छापे के दौरान वन्यजीवों के अवशेष जब्त किये हैं, जिनमें हिरण या सांभर के सींग शामिल हैं। हम इन अंगों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजेंगे।’’
भाषा राजकुमार धीरज
धीरज