Breaking News

UP: दिवाली-छठ तक लगातार बिजली सप्लाई के निर्देश     |   तूफान से बढ़े जलस्तर को लेकर निचले इलाकों में अलर्ट-सीएम चंद्रबाबू का निर्देश     |   ग्रेटर नोएडा : गौर चौक अंडरपास आज से ट्रायल रन के लिए खुला     |   लखनऊ यूनिवर्सिटी में दीपावली अवकाश घोषित, 6-7 और 10 नवंबर को ऑनलाइन क्लास     |   गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती, GRAP-II के तहत वाहनों की एंट्री पर पाबंदी     |  

गुरुग्राम: ईडी ने शराब सिंडिकेट मामले में 10 जगह छापे मारे, 11 लाख रुपये जब्त

गुरुग्राम, पांच नवंबर (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के गुरुग्राम क्षेत्रीय कार्यालय ने विदेशी शराब की कथित अवैध बिक्री और करोड़ों रुपये की कर चोरी से जुड़े मामले में बड़ी कार्रवाई की है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि गुरुग्राम क्षेत्रीय कार्यालय की एक टीम ने तीन और चार नवंबर को दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पंजाब में 10 ठिकानों पर छापेमारी की।

दो दिन तक चली इस कार्रवाई के दौरान 11 लाख रुपये नकद के अलावा शराब की खरीद-बिक्री से जुड़े अहम दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड जब्त किए गए।

जांच में पता चला कि इस गिरोह ने अपराध के जरिये 10 करोड़ रुपये से अधिक की आय अर्जित की। अधिकारी ने बताया कि ईडी की यह कार्रवाई गुरुग्राम की लाइसेंस प्राप्त शराब की दुकान 'द ठेका' से जुड़े धन शोधन मामले की जांच का हिस्सा है। बताया जाता है कि इस दुकान के स्वामी अंकुश गोयल और उसके साझेदार हैं।

जांच एजेंसी के अनुसार, आबकारी अधिकारियों की शिकायत के बाद इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। आबकारी अधिकारियों ने इससे पहले नौ दिसंबर, 2025 को 'द ठेका' से बिना होलोग्राम और ट्रैक एंड ट्रेस स्ट्रिप वाली आयातित विदेशी शराब की 3,921 पेटियां और 176 बोतलें बरामद कर जब्त की थीं।

इसके अलावा, हरियाणा पुलिस ने शराब के इस गिरोह के कुछ सदस्यों के खिलाफ मिलावटी शराब बेचने के आरोप में एक और प्राथमिकी दर्ज की थी।

भाषा जोहेब पवनेश

पवनेश