Breaking News

UP: दिवाली-छठ तक लगातार बिजली सप्लाई के निर्देश     |   तूफान से बढ़े जलस्तर को लेकर निचले इलाकों में अलर्ट-सीएम चंद्रबाबू का निर्देश     |   ग्रेटर नोएडा : गौर चौक अंडरपास आज से ट्रायल रन के लिए खुला     |   लखनऊ यूनिवर्सिटी में दीपावली अवकाश घोषित, 6-7 और 10 नवंबर को ऑनलाइन क्लास     |   गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती, GRAP-II के तहत वाहनों की एंट्री पर पाबंदी     |  

ब्राजील में अंडर-20 फुटबॉल मैच में मारपीट के बाद 51 खिलाड़ियों और अधिकारियों को लाल कार्ड

साओ पाउलो, पांच नवंबर (एपी) ब्राजील में अंडर-20 स्तर के एक राज्य स्तरीय फुटबॉल मुकाबले में सामूहिक मारपीट के बाद 51 लाल कार्ड दिखाए गए जो इस खेल में सबसे अधिक लाल कार्ड दिखाए जाने का नया रिकॉर्ड हो सकता है।

मिनास गेरैस राज्य की अंडर-20 चैंपियनशिप के दूसरे डिवीजन के सेमीफाइनल में रविवार को ममोरे ने उबरलांडिया को 3-1 से हराया। इस दौरान और मैच समाप्त होने के बाद कुल 43 खिलाड़ियों और आठ टीम अधिकारियों को मैदान से बाहर भेज दिया गया।

गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के अनुसार पेशेवर फुटबॉल मुकाबले में सबसे अधिक 36 लाल कार्ड दिखाए जाने का रिकॉर्ड है। यह घटना 2011 में अर्जेंटीना के पांचवें डिवीजन में एटलेटिको क्लायपोल और विक्टोरियानो एरेनास के बीच खेले गए मैच में हुई थी।

रविवार को हुए मुकाबले के रेफरी फर्नांडो पैट्रिक मोडेस्टो की मैच रिपोर्ट के अनुसार अंतिम गोल के बाद हुई मारपीट के कारण खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ सहित 48 लोगों को लाल कार्ड दिखाकर मैदान से बाहर भेजा गया।

मोडेस्टो ने अपनी रिपोर्ट में लिखा, ‘‘अपनी टीम के तीसरे गोल का जश्न मनाते समय एक खिलाड़ी ने मेजबान टीम के बेंच की ओर उकसाने वाले इशारे किए और कुछ आपत्तिजनक शब्द कहे।’’

रिपोर्ट में खिलाड़ी द्वारा इस्तेमाल किए गए अपशब्दों का भी उल्लेख किया गया है।

इसके बाद ममोरे के दो और खिलाड़ियों को लाल कार्ड दिखाया गया। इनमें से एक को रेफरी को मारने की धमकी देने और दूसरे को मारपीट के बाद विपक्षी खिलाड़ी को मुक्का मारने के लिए बाहर भेजा गया।

वहीं उबरलांडिया के एक खिलाड़ी को इससे पहले दूसरा पीला कार्ड मिलने के कारण मैदान छोड़ना पड़ा था।

एपी सुधीर नमिता

नमिता