मुंबई, पांच नवंबर (भाषा) महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने गत दो महीनों में चलाए गए राज्यव्यापी अभियान के दौरान 63.45 करोड़ रुपये मूल्य के 3,098.46 टन खाद्य उत्पाद जब्त किये हैं और 954 खाद्य लाइसेंस को निलंबित किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
एजेंसी ने एक बयान में कहा कि त्योहारों के मद्देनजर ‘खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम -2006’ के तहत एक सितंबर से तीन नवंबर के बीच एक विशेष अभियान चलाया गया था।
बयान के मुताबिक अभियान के दौरान एफडीए ने पूरे महाराष्ट्र में 9,667 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया और 4,603 सुधार नोटिस जारी किए। इसने 25 लाइसेंस या पंजीकरण रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की और जांच के लिए 8,835 खाद्य नमूने एकत्र किए।
अधिकारियों ने बताया कि कुल 3,098.46 टन खाद्य पदार्थ जब्त किया गया, जिसकी कीमत 63.45 करोड़ रुपये है।
बयान के मुताबिक एफडीए ने दिवाली के लिए चलाए गए एक विशेष अभियान में 15 अक्टूबर से 3 नवंबर के बीच 3,332 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया, 1,501 सुधार नोटिस जारी किए और 326 लाइसेंस या पंजीकरण निलंबित कर दिए। इसके अलावा, 15 लाइसेंस या पंजीकरण रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की गई और खाद्य पदार्थों के 3,864 नमूने एकत्र किए गए।
एफडीए के मुताबिक दिवाली के दौरान चलाए गए विशेष अभियान में एजेंसी ने 44.37 करोड़ रुपये मूल्य के 1,886.44 मीट्रिक टन खाद्य पदार्थ जब्त किये।
बयान के मुताबिक त्योहारी मौसम के तहत दो महीने तक चले विशेष अभियान के दौरान जब्त किए गए सामानों में 925.11 टन खाद्य तेल शामिल है, जिसकी कीमत 16.31 करोड़ रुपये थी। वहीं, नमक, मसाले और अन्य सामग्री 895.32 टन थी, जिसकी कीमत 21.09 करोड़ रुपये है।
बयान के मुताबिक एफडीए ने 7.63 करोड़ रुपये मूल्य के 171.57 टन दुग्ध उत्पाद (जिनमें घी और ‘खोया’ शामिल हैं) और 7.47 करोड़ रुपये मूल्य के 156.66 टन सूखे मेवे भी जब्त किए हैं।
जब्त की गई अन्य वस्तुओं में 1.36 करोड़ रुपये मूल्य की 59.78 टन मिठाइयां, 1.18 करोड़ रुपये मूल्य के 48 टन नमकीन और स्नैक्स, 10 लाख रुपये मूल्य का 12.26 टन दूध और 19 लाख रुपये मूल्य के 6.10 टन बेकरी उत्पाद शामिल हैं।
भाषा धीरज पवनेश
पवनेश