नयी दिल्ली, पांच नवंबर (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के जंतर-मंतर पर 13 अक्टूबर को किए गए विरोध-प्रदर्शन से जुड़ी दो प्राथमिकी के सिलसिले में बृहस्पतिवार को दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने 'कॉकरोच जनता पार्टी' (कॉजपा) के नेताओं -सौरव दास एवं आशुतोष रांका- से लगभग चार घंटे तक पूछताछ की। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि दोनों नेता पूर्वाह्न करीब 11 बजे राजौरी गार्डन में अपराध शाखा कार्यालय पहुंचे और पूछताछ करीब तीन बजे समाप्त हुई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि पूछताछ के दौरान उनसे कम से कम 70 सवाल पूछे गए, लेकिन उन्होंने उनमें से कुछ का जवाब नहीं दिया।
कॉजपा नेता जंतर-मंतर के गैर-अधिसूचित स्थल पर 13 अक्टूबर को दाखिल होने के सिलसिले में अपने खिलाफ दर्ज दो प्राथमिकी के संबंध में आज अपराध शाखा के सामने पेश हुए। अधिसूचना जारी कर जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटा दिया गया है।
एक प्राथमिकी कनॉट प्लेस थाने में और दूसरी प्राथमिकी संसद मार्ग थाने में दर्ज की गयी थी। बाद में दोनों ही प्राथमिकी अपराध शाखा को हस्तांतरित कर दी गयी थीं।
ये मामले जंतर-मंतर पहुंचने के लिए निजी संपत्ति में अवैध रूप से घुसने और वहां लागू प्रतिबंधों का उल्लंघन करने के आरोपों से जुड़े हैं।
कॉजपा नेताओं ने जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन किया था और राष्ट्र ध्वज फहराया था।
पूछताछ के बाद अपराध शाखा कार्यालय के बाहर रांका ने पत्रकारों से कहा कि यह 13 अक्टूबर की घटना से जुड़ी एक सामान्य जांच है।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने पहले भी कहा है और फिर से कह रहे हैं कि जो भी जांच हो रही है, हम उसमें सहयोग करेंगे। कहीं भी तिरंगा फहराना कोई अपराध नहीं होना चाहिए। हमें पूरी उम्मीद है कि जांच सही तरीके से की जाएगी और हम इसमें पूरा सहयोग करेंगे।’’
सूत्रों ने बताया कि पूछताछ निरीक्षक रैंक के अधिकारियों द्वारा की गई।
दोनों नेताओ को पहले भी जांच से जुड़ने के लिए समन जारी किया गया था, लेकिन पहले उन्होंने और समय मांगा था एवं पेश नहीं हुए थे।
मामले की जांच जारी है।
भाषा
राजकुमार सुरेश
सुरेश