बेंगलुरु, पांच नवंबर (भाषा) बेंगलुरु में फ्रांस के महावाणिज्य दूतावास ने बृहस्पतिवार को नारायण हेल्थ समूह के संस्थापक और अध्यक्ष डॉ. देवी शेट्टी को ‘शेवेलियर डी ल'ऑर्ड्रे नेशनल डु मेरिट’ (नाइट ऑफ द नेशनल ऑर्डर ऑफ मेरिट) से सम्मानित किया। उन्हें कोविड-19 महामारी के दौरान फ्रांसीसी समुदाय को दिए गए उनके सहयोग के लिए सम्मानित किया गया है।
नारायण हेल्थ समूह ने एक बयान में यह जानकारी दी। उसने कहा कि डॉ. शेट्टी को कोविड-19 महामारी के दौरान बेंगलुरु में फ्रांसीसी समुदाय की मदद के लिए यह सम्मान दिया गया है।
उसने कहा, “अभूतपूर्व चुनौतियों के समय में, उन्होंने और नारायण हेल्थ ने टीकाकरण पहल और लॉजिस्टिक सहायता के माध्यम से फ्रांसीसी वाणिज्य दूतावास और फ्रांसीसी समुदाय के लिए अपने दरवाजे खोले और सहयोग एवं एकजुटता की असाधारण भावना का प्रदर्शन किया।
बेंगलुरु में फ्रांस के महावाणिज्यदूत मार्क लैमी ने इस अवसर पर कहा, “महामारी के दौरान बेंगलुरु में फ्रांसीसी समुदाय को अटूट समर्थन देने के लिए डॉ. देवी शेट्टी को सम्मानित करते हुए बेहद हमें खुशी हो रही है। उनके कार्य एकजुटता की सच्ची भावना और फ्रांस तथा भारत के बीच स्थायी मित्रता को दर्शाते हैं।”
पुरस्कार प्राप्त करने के बाद डॉ. शेट्टी ने कहा कि वह फ्रांस सरकार से यह सम्मान प्राप्त करके गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, “महामारी के दौरान, हमें बेंगलुरु में फ्रांसीसी समुदाय को अपना सहयोग देने में खुशी हुई। यह सभी के लिए एक कठिन समय था, और एकजुट होकर खड़े रहना तथा एक-दूसरे की मदद करना ही सबसे अधिक मायने रखता था। मैं अपनी उन टीमों के प्रति कृतज्ञ हूं जिन्होंने इसे संभव बनाया।”
भाषा प्रशांत अविनाश
अविनाश