नयी दिल्ली, पांच नवंबर (भाषा) संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी)ने बृहस्पतिवार को सिविल सेवा (मुख्य) परीक्षा 2026 के परिणाम घोषित कर दिए। इस परीक्षा में उत्तीर्ण अभ्यर्थी साक्षात्कार चरण के लिए योग्य होंगे।
आयोग ने एक बयान में कहा कि मुख्य परीक्षा 21 से 30 अगस्त तक आयोजित की गई थी।
यूपीएससी भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस), भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) और अन्य सेवाओं के लिए उम्मीदवारों का चयन करने हेतु, सिविल सेवा परीक्षा हर साल तीन चरणों-प्रारंभिक, मुख्य और साक्षात्कार-में आयोजित करता है।
यूपीएससी द्वारा जारी बयान के मुताबिक, ‘‘सिविल सेवा (मुख्य) परीक्षा में सफल घोषित किए गए उम्मीदवार साक्षात्कार के लिए योग्य हैं।’’
इसमें कहा गया है कि सफल अभ्यर्थियों को अपनी पात्रता और आरक्षण के दावों के समर्थन में मूल प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने होंगे। इनमें आयु, शैक्षणिक योग्यता, समुदाय, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) और दिव्यांगता प्रमाण पत्र तथा टीए फॉर्म जैसे अन्य दस्तावेज शामिल होंगे।
बयान के मुताबिक साक्षात्कार की तारीखों की घोषणा उचित समय पर की जाएगी। साक्षात्कार नयी दिल्ली के शाहजहां रोड स्थित धौलपुर हाउस में यूपीएससी कार्यालय में आयोजित किए जाएंगे।
भाषा धीरज माधव
माधव