महराजगंज, पांच नवंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में बुधवार रात दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि हादसा बुधवार रात करीब 10 बजे घुघली और शिकारपुर के बीच बरवा खुर्द गांव के पास हुआ।
पुलिस के मुताबिक, कुशीनगर जिले के महेशपुर बेलवा निवासी रामरतन (35) अपनी पत्नी यशोदा (32) के साथ कुशीनगर से घुघली लौट रहे थे और इसी दौरान सामने से आ रही एक अन्य मोटरसाइकिल से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। पुलिस ने बताया कि दूसरी मोटरसाइकिल पर कुशीनगर जिले के अकबरपुर पडरौना निवासी दुर्गेश (30) और घुघली क्षेत्र के रानीपुर मझौरा गांव निवासी राहुल यादव (22) सवार थे।
पुलिस के मुताबिक, टक्कर में दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार चारों लोग घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने रामरतन और राहुल यादव को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, यशोदा को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर भेज कर दिया गया जबकि दुर्गेश का उपचार किया जा रहा है।
घुघली थाना प्रभारी अविनाश ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और मामले की जांच की जा रही है। भाषा सं. सलीम जितेंद्र
जितेंद्र