नयी दिल्ली, पांच नवंबर (भाषा) आदित्य बिड़ला फैशन एंड रिटेल लिमिटेड का चालू वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही में एकीकृत शुद्ध घाटा बढ़कर 376.41 करोड़ रुपये हो गया। इसकी मुख्य वजह त्योहारी सत्र का दिसंबर तिमाही की ओर खिसकना और नए कारोबार में निवेश करना रहा।
कंपनी ने बृहस्पतिवार को शेयर बाजार को दी नियामकीय सूचना में यह जानकारी दी। कंपनी ने एक साल पहले जुलाई-सितंबर की अवधि में 295.09 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा दर्ज किया था।
सितंबर तिमाही में कंपनी का परिचालन राजस्व 2.44 प्रतिशत बढ़कर 2,030 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले इसी अवधि में 1,981.66 करोड़ रुपये था।
आदित्य बिड़ला समूह की कंपनी ने अपने नतीजों के बयान में कहा, ‘‘तिमाही के दौरान कर-पूर्व आय (एबिटा) 43 प्रतिशत घटकर 67 करोड़ रुपये रही। इसकी मुख्य वजह त्योहारी सत्र का आगे खिसकना और इसके कारण परिचालन क्षमता का प्रतिकूल रूप से प्रभावित होना था।’’
कंपनी का कुल खर्च सालाना आधार पर 7.43 प्रतिशत बढ़कर 2,537.81 करोड़ रुपये रहा। वहीं, कुल आय 2.63 प्रतिशत की मामूली वृद्धि के साथ 2,089.78 करोड़ रुपये हो गई।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय