ईटानगर, पांच नवंबर (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री चौना मीन और गृह मंत्री एम. नतुंग ने बृहस्पतिवार को असम के दिग्गज गायक, संगीतकार, गीतकार और फिल्म निर्माता भूपेन हजारिका की 15वीं पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने पूर्वोत्तर में एकता, मानवता और सांस्कृतिक सद्भाव को बढ़ावा देने में हजारिका के अमूल्य योगदान और उनके सदाबहार संगीत को याद किया।
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में मीन ने हजारिका को इस क्षेत्र की महान सांस्कृतिक हस्तियों में से एक बताया।
उन्होंने कहा कि हजारिका के संगीत ने आम लोगों की आकांक्षाओं, भावनाओं और विचारों को आवाज दी तथा विभिन्न समुदायों को एक साथ जोड़ने का काम किया।
मीन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “उनके गीतों ने आम लोगों की आकांक्षाओं और भावनाओं को अभिव्यक्ति दी तथा पूरे पूर्वोत्तर में लोगों के दिलों को जोड़ा।”
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हजारिका के गीत भौगोलिक और सांस्कृतिक सीमाओं से परे थे और शांति, भाईचारे तथा साझा विरासत के सार्वभौमिक संदेश के जरिए लोगों के बीच स्थायी जुड़ाव पैदा करते थे।
मीन ने महान संगीतकार को श्रद्धांजलि देते हुए कहा, “उनके सदाबहार गीत एकता, शांति और हमारी साझा विरासत पर गर्व का संदेश हमेशा देते रहेंगे।”
गृह मंत्री नतुंग ने भी महान संगीतकार को याद करते हुए उन्हें भारत की सबसे प्रसिद्ध सांस्कृतिक हस्तियों में से एक बताया।
उन्होंने कहा कि संगीत और समाज के क्षेत्र में उनका योगदान अतुलनीय है।
सोशल मीडिया पर एक संदेश में नतुंग ने कहा कि हजारिका ने अपने संगीत के माध्यम से लोगों की आकांक्षाओं, भावनाओं और विचारों को आवाज दी तथा पूर्वोत्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाया।
नतुंग ने कहा, “उनकी सदाबहार रचनाएं आज भी प्रेरणा का स्रोत हैं और हमें याद दिलाती हैं कि कला में लोगों के दिलों को जोड़ने और सीमाओं से परे जाने की शक्ति है।”
भाषा जोहेब अविनाश
अविनाश