Breaking News

UP: दिवाली-छठ तक लगातार बिजली सप्लाई के निर्देश     |   तूफान से बढ़े जलस्तर को लेकर निचले इलाकों में अलर्ट-सीएम चंद्रबाबू का निर्देश     |   ग्रेटर नोएडा : गौर चौक अंडरपास आज से ट्रायल रन के लिए खुला     |   लखनऊ यूनिवर्सिटी में दीपावली अवकाश घोषित, 6-7 और 10 नवंबर को ऑनलाइन क्लास     |   गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती, GRAP-II के तहत वाहनों की एंट्री पर पाबंदी     |  

जय बालाजी समूह प. बंगाल में 6,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगा, रक्षा और वैमानिकी क्षेत्रों पर नजर

कोलकाता, पांच नवंबर (भाषा) जय बालाजी समूह ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने आने वाले वर्षों में पश्चिम बंगाल में करीब 6,000 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव रखा है। इस निवेश का जोर विशेष इस्पात, रक्षा, वैमानिकी, सटीक इंजीनियरिंग और नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों पर होगा।

समूह ने एक बयान में कहा कि इस प्रस्तावित विस्तार से 20,000 से अधिक अतिरिक्त रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

निवेश योजना के तहत रक्षा क्षेत्र में इस्तेमाल होने वाले विशेष मिश्र धातु और उच्च गुणवत्ता वाले इस्पात का विनिर्माण किया जाएगा। इसके अलावा रेलवे और वैमानिकी उद्योगों के लिए उच्च परिशुद्धता वाली सामग्री एवं कलपुर्जे तथा विशेष तांबा और एल्युमीनियम मिश्र धातु, इस्पात की ढलाई और फोर्जिंग उत्पाद बनाए जाएंगे।

समूह की रेलवे, रक्षा, वाहन, अंतरिक्ष और अन्य इंजीनियरिंग क्षेत्रों की जरूरतों को पूरा करने वाले सटीक इंजीनियरिंग उत्पादों और अन्य सहायक उत्पादों के विनिर्माण में भी विस्तार की योजना है।

बयान के अनुसार, यह निवेश ऐसे समय में प्रस्तावित है, जब पश्चिम बंगाल सरकार औद्योगिक विकास पर जोर दे रही है और आगामी औद्योगिक नीति पहल के जरिये नए निवेश आकर्षित करने का प्रयास कर रही है।

समूह ने कहा कि उसकी निवेश योजना राज्य की औद्योगिक क्षमता और नई सरकार द्वारा प्रोत्साहित किए जा रहे कारोबारी माहौल में उसके भरोसे को दर्शाती है।

जाजोदिया परिवार द्वारा स्थापित जय बालाजी समूह का इस्पात और विनिर्माण क्षेत्र में चार पीढ़ियों का अनुभव है। समूह की पश्चिम बंगाल, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में 10 विनिर्माण इकाइयां हैं, जिनमें से आठ पश्चिम बंगाल में स्थित हैं।

समूह वर्तमान में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से 25,000 से अधिक लोगों को आजीविका के अवसर उपलब्ध करा रहा है।

समूह ने अपने विनिर्माण कार्यों को समर्थन देने, ऊर्जा दक्षता बढ़ाने और कार्बन उत्सर्जन कम करने के लिए सौर एवं हरित ऊर्जा उत्पादन में भी निवेश करने की योजना बनाई है।

बयान में कहा गया कि समूह के मौजूदा एकीकृत विनिर्माण ढांचे में करीब 100 मेगावाट की निजी बिजली उत्पादन क्षमता शामिल है।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय