नयी दिल्ली, पांच नवंबर (भाषा) भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी)मुंबई के दिवंगत छात्रों अनिकेत अम्बोरे और साहिल वाकोड़े के परिजनों ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की, जिस दौरान गांधी ने उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
अनिकेत अम्बोरे और साहिल वाकोड़े ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। दोनों छात्रों के परिजनों ने कांग्रेस सांसद वर्षा एकनाथ गायकवाड़ के साथ लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष से मुलाकात की।
इस मुलाकात के बाद गायकवाड़ ने कहा कि राहुल गांधी के साथ यह बैठक करीब डेढ़ घंटे तक चली और इस दौरान परिवारों ने उन्हें पूरे मामले की जानकारी दी।
गायकवाड़ ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमने उन्हें सब कुछ बताया। चर्चा करीब डेढ़ घंटे तक चली। राहुल गांधी ने परिवारों से कहा कि वह उनके साथ खड़े हैं और कांग्रेस तथा उनकी ओर से हरसंभव मदद दी जाएगी।’’
उन्होंने बताया कि बैठक में राहुल गांधी को बताया गया कि साहिल वाकोड़े की मौत ‘संस्थागत हत्या’ है और आईआईटी-मुंबई में जातिवादी माहौल है। उन्हें संस्थान से संबंधित एक प्रस्तुति भी दी गई।
गायकवाड़ के मुताबिक, पिछले 13 महीनों में आईआईटी-मुंबई के करीब चार छात्रों ने आत्महत्या की है, जो चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की जांच होनी चाहिए और छात्रों को न्याय मिलना चाहिए, ताकि भविष्य में साहिल जैसी घटना दोबारा न हो।
गायकवाड़ ने कहा कि छात्रों की सुरक्षा और संस्थान में उनके साथ होने वाले ‘व्यवहार’ से जुड़े इन मुद्दों पर गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत है।
अनिकेत आईआईटी-मुंबई में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के प्रथम वर्ष के छात्र थे। चार सितंबर, 2014 को हॉस्टल की छठी मंजिल से गिरने के कारण उनकी मृत्यु हुई। उनकी मृत्यु को लेकर परिवार ने जातिगत भेदभाव और संस्थागत संवेदनशीलता पर सवाल उठाए थे।
यवतमाल के रहने वाले साहिल वाकोड़े बीटेक के द्वितीय वर्ष के छात्र थे। सितंबर 2026 में उनकी मृत्यु के बाद कथित जातिगत उत्पीड़न की जांच की मांग उठी।
भाषा हक अविनाश
अविनाश