नयी दिल्ली, पांच नवंबर (भाषा) निर्वाचन आयोग द्वारा अपने कार्य आवंटन आदेश में संशोधन किए जाने के एक दिन बाद आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसके सूचना प्रौद्योगिकी महानिदेशक (डीजी-आईटी) को रिपोर्ट करने वाले पर्यवेक्षण अधिकारी में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
आयोग की ओर से बुधवार को जारी नए कार्य आवंटन आदेश के अनुसार, डीजी (आईटी) सीमा खन्ना अब वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग के बजाय नवनियुक्त उप निर्वाचन आयुक्त प्रकाश राज पुरोहित की निगरानी में काम करेंगी।
इससे पहले, 28 जुलाई को गर्ग द्वारा जारी एक आदेश के बाद विवाद खड़ा हो गया था। इस आदेश में खन्ना को सीधे आयोग, जिसमें मुख्य निर्वाचन आयुक्त व दोनों निर्वाचन आयुक्त शामिल हैं, को रिपोर्ट करने के लिए कहा गया था।
आयोग के अधिकारी से पूछा गया था कि क्या सीमा खन्ना ने 28 जुलाई से चार नवंबर के बीच किसी उप निर्वाचन आयुक्त के माध्यम से रिपोर्ट करने के बजाय सीधे निर्वाचन आयोग को रिपोर्ट किया था।
गर्ग ने 28 जुलाई को यह आदेश उस समय जारी किया था, जब एक अन्य उप निर्वाचन आयुक्त संजय कुमार, जिन्हें खन्ना रिपोर्ट करती थीं, का तबादला दिल्ली सरकार में कर दिया गया था।
निर्वाचन आयुक्त एस एस संधू और विवेक जोशी द्वारा इस आदेश पर आपत्ति जताए जाने के बाद इसे स्थगित कर दिया गया था।
अधिकारी ने कहा, ‘‘आदेश लागू नहीं किया गया था, इसलिए संजय कुमार के निर्वाचन आयोग से जाने के बाद खन्ना के कार्य के निगरानी गर्ग कर रहे थे। अब वह उप निर्वाचन आयुक्त राज पुरोहित को रिपोर्ट करेंगी, जिन्होंने कुछ दिन पहले ही कार्यभार संभाला है।’’
गर्ग, संजय कुमार के ‘संपर्क अधिकारी’ थे। इसका अर्थ है कि निर्वाचन आयोग से कुमार के जाने के बाद उन्हें सौंपे गए कार्य गर्ग को हस्तांतरित हो गए थे।
राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) की अधिकारी खन्ना डिजिटल मतदाता सूची के बुनियादी ढांचे के कथित केंद्रीकरण और निर्वाचन सॉफ्टवेयर प्रणालियों में लागू प्रतिबंधों को लेकर उठे विवाद के केंद्र में हैं।
भाषा हक पवनेश
पवनेश